लुधियाना के अशोक नगर इलाके में कुत्ते को घर के बाहर शौच कराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि 4 से 5 पड़ोसी घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ डंडों से मारपीट की। इस पूरी घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। पीड़ित महिला सीमा ने बताया कि गली के कुछ लोग अपने कुत्ते को उसके घर के बाहर शौच कराने के लिए लाने लगे थे। जब उसने उन्हें ऐसा करने से रोका और किसी अन्य जगह ले जाने को कहा तो इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। डंडों से किया हमला सीमा के अनुसार कुछ देर बाद उक्त लोग अपने परिजनों के साथ उनके घर पहुंच गए और वहां हंगामा करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर उसके पति, सास और बच्चों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान सीमा के घुटने में भी चोट लगी और डंडों से हमला किया गया। सीसीटीवी में कैद हुई घटना घटना के समय घर में छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना की वीडियो और CCTV फुटेज भी मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उधर, सलेम टाबरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।