गुरदासपुर के धारीवाल में दो साल के बच्चे को कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला। बच्चा घर के अंदर गेट के पास खेल रहा था, इसी दौरान कुत्ते वहां पहुंचे और उसे खींच कर बाहर ले गए। गली में ले जाकर कुत्तों ने उसे बुरी तरह काटना शुरू कर दिया। बच्चे की चीखें सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माइल के नाम से हुई है। वह परिवार का इकलौता बेटा था। 4 पॉइंट में जानिए पूरा मामला… पंजाब-चंडीगढ़ की अन्य बड़ी खबरें… चंडीगढ़ में रिटायर्ड PCS अफसर की गाड़ी में आग लगी चंडीगढ़ सेक्टर-35 की मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार पंजाब के रिटायर्ड PCS अफसर बलविंदर सिंह और उनके दोस्त बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि समय रहते एक राहगीर ने उन्हें इशारा कर आग लगने की जानकारी दे दी, जिससे सभी लोग तुरंत गाड़ी से बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, घटना सेक्टर-35 मार्केट की है। बलविंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-21 से सेक्टर-35 स्थित एक कॉफी शॉप की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मार्केट में पहुंची, सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने जोर-जोर से इशारा करते हुए गाड़ी रोकने को कहा। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया, लेकिन जब उन्होंने शीशा नीचे कर पूछा तो उस व्यक्ति ने बताया कि कार के बोनट से धुआं निकल रहा है। यह सुनते ही बलविंदर सिंह ने तुरंत गाड़ी रोकी और दोस्तों के साथ बाहर निकल आए। गाड़ी से बाहर निकलते ही आग ने तेजी पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई (पढ़ें पूरी खबर) होली के दिन 5 साल की बच्ची का रेप मोगा में होली के दिन 5 साल की बच्ची से रेप किया गया। आरोपी रेप के बाद बच्ची को खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गया। जब परिजनों ने पूछा तो बच्ची ने इसके बारे में पूरी जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक बच्ची घर के बाहर होली खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला ड्राइवर बच्ची को उठाकर ले गया। वह उसे भट्ठे के पास खेत में ले गया। जहां उसका रेप किया। जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन लोगों ने अपनी बेटी को आसपास ढूंढना शुरू किया। इसी बीच कुछ नौजवानों ने बताया कि उनकी लड़की खेत में पड़ी है। जब परिजनों ने वहां जाकर देखा तो बच्ची रो रही थी और बुरी तरह डरी हुई थी। पूछने पर उसने पूरा मामला बताया। जब तक परिजन आरोपी के घर पहुंचे तो वह फरार हो चुका था। थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह ने बताया कि बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। गुरदासपुर एनकाउंटर में हाईकोर्ट ने DGP तलब किया गुरदासपुर की पुलिस चौकी में ASI और होमगार्ड जवान के मर्डर के आरोपी रणजीत सिंह के एनकाउंटर का पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने इस मामले में DGP गौरव यादव को तलब कर लिया है। उन्हें आज ही इस बारे में जवाब देना होगा। रणजीत सिंह के एनकाउंटर को परिवार फर्जी बता रहा है। उनका कहना है कि उसे घर से उठाकर ले गए और फिर थाने में टॉर्चर से उसकी मौत हो गई। इसके बाद इसे एनकाउंटर बनाने के लिए सारी कहानी रची गई। उनका कहना है कि उसके पाकिस्तानी लिंक बताए गए लेकिन उसे सिर्फ एक ही पुलिस की गाड़ी लेकर क्यों गई?। फिर वहां से फरार होने पर आधी रात को उसके पास बाइक कहां से आई। उसके पास तो कोई मोबाइल भी नहीं था। इस मामले में परिजन पहले पोस्टमॉर्टम न कराने पर अड़े रहे। मगर, कोर्ट के आदेश पर डॉक्टरों के बोर्ड के जरिए 7 दिन बाद पोस्टमॉर्टम कराया गया। हालांकि परिजन अब अंतिम संस्कार न करने पर अड़ गए हैं (पढ़ें पूरी खबर) फिरोजपुर में बच्चे को अचानक गोली लगी फिरोजपुर कैंट में गली में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे की पीठ में अचानक गोली लग गई। जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक फिरोजपुर कैंट की ग्वाल टोली में कल होली खेली जा रही थी। इस दौरान 10 साल का राज भी वहां स्कूटर के पास खड़ा था। अचानक उसकी पीठ के निचले हिस्से में गोली लग गई। बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। डाक्टर प्रीति के मुताबिक बच्चे की पीठ पर निचले हिस्से में गोली लगी है। जिसे प्राथमिक इलाज देने के बाद फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि परिवार यह पता नहीं लगा पाया है कि बच्चे को गोली कैसे लगी और कहां से चली। इस मामले को लेकर डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में सामने आ पाएगा कि गोली कहां से और कैसे चली है।(पढ़ें पूरी खबर)