कुरुक्षेत्र की भाखड़ा नहर में डूबने से युवक की मौत:घर से दवा लेने निकला, मानसिक रूप से परेशान, अस्पताल की पर्ची से हुई पहचान

कुरुक्षेत्र जिले के किरमिच गांव से आगे नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) से बरामद संदीप कुमार के शव का पुलिस ने शनिवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। रावगढ़ गांव के रहने वाले 33 वर्षीय संदीप की मौत डूबने से हुई। पुलिस उसकी जेब से मिली सरकारी अस्पताल की पर्ची से शव की पहचान करवाई थी। संदीप अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। संदीप अपने घर में अकेला रहता था और मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसका कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा था। 13 मार्च को संदीप अस्पताल में दवा लेने के लिए आया था। दवा लेने के बाद संदीप नहर पर गया था। माता-पिता की हो चुकी मौत संदीप के बड़े भाई सुनील कुमार (40) ने पुलिस को बताया कि, वह राजमिस्त्री का काम करता है। उसका छोटा भाई संदीप कुंवारा था। करीब 14 साल पहले उनके माता-पिता का निधन हो चुका है। तभी से उसका भाई घर के चौबारे पर अकेला रहता था। संदीप किसी से बातचीत नहीं करता था। पुलिस से मिली सूचना कल संदीप दवा लेने गया था, लेकिन शाम तक वापस घर नहीं पहुंचा था। हम सब परिवार के लोग उसे इधर-उधर ढूंढ रहे थे। तभी शाम को पुलिस ने सूचना दी कि नहर से एक युवक का शव मिला है, जिसे मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने मोबाइल पर उसके पास शव की फोटो भेजी थी। यह उसका भाई संदीप था। हालांकि पुलिस ने र्मार्चरी में फिर से शव की पहचान करवाई। डूबने से हुई मौत उसने बताया कि संदीप का किसी से कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं था। घर में भी उसके साथ कभी विवाद नहीं हुआ। उसे किसी पर कोई शक नहीं है और ना ही इसमें किसी का कोई कसूर है। हालांकि सुनील को उसके भाई की मौत की वजह नहीं पता चली, कि संदीप खुद नहर में कूद गया या फिर गलती से गिरा। इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की पुलिस ने भाई के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। कल संदीप के शव पर कार्रवाई लेकर थाना केयूके और ज्योतिसर पुलिस चौकी के कर्मचारी आपस में उलझ गए थे। उनकी बहस और तकरार की वजह से शव करीब 4 घंटे तक नहर में पड़ा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *