कुरुक्षेत्र में अभय के सवाल पर भड़के पूर्व उपमुख्यमंत्री:दुष्यंत चौटाला बोले-हमारे लिए चैप्टर बहुत पहले क्लोज, हुड्‌डा एक्सपायरी दवा, नायब को बताया गायब सरकार

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) नेता दुष्यंत चौटाला ने कुरुक्षेत्र में मौजूदा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह को हुड्‌डा को एक्सपायरी दवा बताया। वह इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला के बारे में सवाल करने पर भड़क गए। दुष्यंत चौटाला आज (बुधवार को) जाट धर्मशाला में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। हालांकि बारिश की वजह से कार्यक्रम में दिक्कत पैदा हो गई। मीडिया से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, उन्होंने 8 साल पहले अपने दम पर पार्टी बनाई। हमने 10 MLA खड़े किए। प्रदेश के लिए काम किया। अभय चौटाला के पास कोई काम नहीं है। हमारे लिए तो चैप्टर बहुत पहले का बंद है। नायब नहीं, गायब सरकार : चौटाला हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री जापान जाकर निवेश की बात कर रहे हैं, लेकिन हरियाणा के किसानों के बारे में सोचा तक नहीं। 3 दिन की बारिश में लाखों एकड़ धान को नुकसान हुआ, लेकिन अभी तक एक स्टेटमेंट नहीं आया। अगर विदेश जाने से निवेश आता प्रधानमंत्री मोदी हर महीने में 2 विदेशी यात्रा करते हैं। हम अमेरिका पर दबाव नहीं बना पाए। यह इंटरनेशनल कम्युनिकेशन का फैलियर है। ये नायब नहीं गायब सरकार है। हुड्‌डा एक्सपायरी दवा दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस और भूपिंदर सिंह हुड्डा पर भी तीखा हमला बोला। चौटाला ने कहा कि हुड्डा 10 साल सीएम रहे, 10 साल विपक्ष में। बताएं, क्या किया? 2009 में 6 विधायकों को तोड़कर, इंडिपेंडेंट सरकार बनाई। 2014 में कांग्रेस कितनी सीटों पर आई? 2019 और 2024 में उनके नेतृत्व में क्या हालत हुई? कांग्रेस को समझना चाहिए कि एक्सपायरी डेट की दवा बार-बार खाने से इलाज नहीं होगा। विज को दोबारा गृहमंत्री बनाओ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौटाला ने कहा कि व्यापारियों पर गोली चल रही है, लेकिन शराब ठेकों की सिक्योरिटी दी जा रही है। प्रदेश में गृहमंत्री और लॉ एंड ऑर्डर नहीं है। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नाकाम साबित हो रहे हैं। उनको चाहिए कि अनिल विज को दोबारा गृहमंत्री बनाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *