कुरुक्षेत्र में किसान-मजदूर जनक्रांति रैली कल:भाकियू अध्यक्ष चढूनी बोले-सरकार डराएगी-बहकाएगी, आप बड़ी संख्या में पहुंचें, आपकी ताकत से सरकार और हम लेंगे फैसला

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में कल पिपली अनाज मंडी में होने वाली किसान-मजदूर जनक्रांति रैली लिए भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने अलर्ट जारी किया है। जारी वीडियो में चढूनी ने किसानों को सरकार से नहीं डरने और बहकावे में नहीं आने का आह्वान किया। उन्होंने साफ कहा कि आपकी मौजूदी के आधार पर ही आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे, क्योंकि यही संख्या सरकार को झुकाएगी और अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील को रद्द करवाएगी। ये डील किसानों के रोजगार, खेती और पूरे देश के लिए खतरे की घंटी है। उधर, पुलिस प्रशासन ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाजरी जारी की है। सरकार से डरने की जरूरत नहीं- चढूनी चढूनी ने कहा कि अपनी ताकत दिखाओ। 23 तारीख को जितने ज्यादा लोग आएंगे, उसी हिसाब से सरकार और हम भी अपना फैसला लेंगे। रैली से पहले हो सकता है कि सरकार तरह-तरह की अफवाहें फैलाए और डराने की कोशिश करे, लेकिन आप किसी बात पर ध्यान मत दो। आपका निशाना सिर्फ 23 मार्च को पिपली रैली होनी चाहिए। कुछ भी हो वापस नहीं जाना उन्होंने कहा कि पुलिस कुछ भी कर सकती है। पकड़ सकती है, बैरिकेडिंग कर सकती है, डंडे चला सकती है या जेल भी ले जा सकती है। लेकिन किसान भाई घर वापस न जाएं। हम शांतिपूर्वक रहेंगे, हाथ नहीं उठाएंगे, बट्टा नहीं मारेंगे, आगजनी या तोड़फोड़ नहीं करेंगे। लेकिन लड़ने के लिए घर से निकले हैं तो लड़ेंगे। डील रद्द होने तक लड़ेंगे। देश पहले, सत्ता बाद में चढूनी ने कहा कि सबसे पहले देश है। सत्ता बाद में है, पैसा बाद में है। आपकी रोटी बनती है, पुलिस की ड्यूटी बनती है, लेकिन देश सबसे पहले है। अगर हमारी कमजोरी से देश गुलाम हुआ तो यह सबसे बड़ा पाप होगा। अधिकारी अपने स्तर पर, नेता अपने स्तर पर, पड़ोसी अपने स्तर पर सबको आगे आना चाहिए। देश सबका है, अकेले किसी का नहीं है। पुलिस ने जारी की एडवाइजरी जिला पुलिस ने रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी। SP नीतिश अग्रवाल के मुताबिक, कल 23 मार्च पिपली चौक पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए जिला पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट प्लान बनाया है। पुलिस ने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने और रूट प्लान से यात्रा करने का आह्वान किया। पुलिस का रूट प्लान चंडीगढ़, अम्बाला से दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन- शाहाबाद से बाबैन, लाडवा, इंद्री, करनाल होते हुए दिल्ली जाएं। दिल्ली, पानीपत से अम्बाला जाने वाले- करनाल-इंद्री से लाडवा, बाबैन, शाहबाद होते हुए आगे बढ़ें। पटियाला से यमुनानगर व सहारनपुर जाने वाले- पिहोवा बाईपास NH-152 से इस्माइलाबाद बाईपास, ठोल, कुरडी, नलवी, शाहाबाद होते हुए। कैथल से सहारनपुर व यमुनानगर जाने वाले- ढांड, गांव कौल, निगदू, नीलोखेड़ी, इंद्री होते हुए। पटियाला से करनाल, यूपी, दिल्ली जाने वाले- पिहोवा से ढांड, गांव कौल होते हुए। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व यूपी से पिहोवा, कैथल और पटियाला जाने वाले- पिपली चौक की बजाय लाडवा, बाबैन, शाहाबाद, नलवी, ठोल, इस्माइलाबाद और पिहोवा। यहां से कैथल जाने वाले- लाडवा से इंद्री, भादसो,नीलोखेड़ी से होते हुए ढांड और कैथल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *