कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में रावी कॉलोनी में पुरानी ITI बिल्डिंग के खंडहर से युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करवाई। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में शरीर पर कोई चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले। मृतक की पहचान 20 साल के साहिल निवासी पाडलू गांव के रूप में हुई। साहिल का परिवार मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले लतिपुर गांव का रहने वाला है। यहां शाहाबाद में उसका परिवार करीब 20 साल से गांव में रह रहा है। साहिल मेहनत-मजदूरी करता था। साहिल भाई- बहनों में सबसे छोटा था। होली खेलने के लिए घर से निकला पाडलू निवासी श्याम सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि कल 4 मार्च को होली का त्योहार था। कल उसका बेटा साहिल दोपहर करीब 4 बजे घर से शाहबाद के लिए निकला था। साहिल शाम तक भी घर नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात भी उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। खंडहर में मिला साहिल का शव आज दोपहर को किसी राहगीर ने ITI के खंडहर में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास से उसकी पहचान करवाकर परिवार को घटनास्थल पर बुलाया। साहिल शव दीवार के पास सिर के बल पड़ा था। उसके चेहरे पर कोई खरोंच या चोट के निशान नहीं थे। पुलिस ने पिता के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। तबीयत खराब या हार्ट अटैक से मौत पुलिस के मुताबिक, साहिल की मौत अचानक तबीयत खराब होने या फिर हार्ट अटैक से होने की आशंका है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ होगी। पुलिस ने विसरा भी जांच के लिए भेजा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।