कुरुक्षेत्र के झांसा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के पूर्व ब्रांच मैनेजर ने अपनी पत्नी और एक महिला खरीदार के साथ मिलकर प्रॉपर्टी पर लोन लेकर 55 लाख 65 हजार रुपए की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पूर्व मैनेजर समेत उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। PNB की लुखी ब्रांच के मैनेजर प्रवीण कोचर ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी नीरज कुमार निवासी करनाल करीब 2 साल पहले लुखी ब्रांच में मैनेजर थे। उसने अपनी पत्नी सरिता के साथ मिलकर बैंक से 55.65 लाख रुपए का हाउसिंग लोन लिया था। यह लोन 2 अगस्त 2023 को मंजूर हुआ था। करनाल में खरीदा प्लॉट इस लोन की रकम पर आरोपियों ने करनाल के मंगलपुर गांव में एक प्लॉट खरीदा। जिसके डॉक्यूमेंट उन्होंने बैंक के पास गिरवी रख दिए, लेकिन आरोपी ने अपनी पत्नी सरिता के साथ साजिश रचकर गिरवी संपत्ति के बारे में राजस्व रिकॉर्ड में कोई एंट्री नहीं की। पति के नाम कर दिया हिस्सा आरोपी पत्नी ने अपनी हिस्सेदारी को ट्रांसफर डीड के जरिए अपने पति नीरज के नाम कर दिया। इसके बाद नीरज ने पूरी संपत्ति को गैरकानूनी रूप से मीना रानी निवासी निसिंग करनाल को 21 फरवरी 2025 को बेच दिया। इससे बैंक को करीब 51 लाख रुपए का नुकसान हुआ और आगे ब्याज भी जुड़ रहा है। पुलिस ने झांसा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।