कुरुक्षेत्र के गांव जोगनाखेड़ा में आज रविवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति उसके ही पड़ोसी द्वारा धारधार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय लाभ सिंह निवासी जोगनाखेड़ा के रूप में हुई है। मृतक भाजपा नेता जगबीर जोगनाखेड़ा के ताऊ थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय किसी बात को लेकर पड़ोसियों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पीछे से लाभ सिंह के सिर पर गंडासी या फावड़े से जोरदार वार कर दिया। वार इतना घातक था कि लाभ सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मौके पर जुटा रही साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल भिजवाया। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी और मृतक के बीच पहले भी किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।