कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर आर्मी से रिटायर जवान से उसके दोस्त ने साढ़े 16 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (SI) की वेटिंग लिस्ट में नाम डलवाने का भरोसा दिया। जब काम पूरा नहीं हुआ तो पैसे वापस मांगने पर आरोपी झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगे। गुरदेव सिंह निवासी नीमवाला गांव ने पुलिस को बताया कि वह चंडीगढ़ पुलिस में सिपाही के तौर पर तैनात है। गुरमीत सिंह उसका बचपन का दोस्त है। वे दोनों एक साथ सेना से रिटायर हुए थे। गुरमीत अभी हरियाणा पुलिस में SPO है। आर्मी से रिटायर होने के बाद उन्होंने साल 2021 में हरियाणा पुलिस में सब-इंस्पेक्टर भर्ती के लिए आवेदन किया। वेटिंग लिस्ट के लिए पैसे मांगे उसका रिजल्ट में नाम नहीं आया, तो गुरमीत सिंह ने उसका नाम वेटिंग लिस्ट में डलवाने का भरोसा दिया। उसने अपनी बुआ के बेटे गुरजीत और कुलदीप उर्फ जैलदार से उसकी मुलाकात करवाई। गुरमीत ने उसे बताया कि ये दोनों सरकारी नौकरी लगवाने का काम करते हैं और उसका नाम वेटिंग लिस्ट में डलवा देंगे। इस एवज में उन्होंने साढ़े 16 लाख रुपए मांगे। साढ़े 16 लाख रुपए किए जमा उसने अपने दोस्त गुरमीत के कहने पर 29 अक्टूबर 2022 को गुरमीत के बैंक खाते में 12.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुलदीप के खाते में मार्च 2023 को 2 लाख रुपये और 2 लाख रुपए कैश दिए। आरोपियों ने उसका नाम वेटिंग लिस्ट में डलवाने का भरोसा दिया। गारंटी के तौर पर कुलदीप ने उसे 10 लाख और 4.50 लाख के 2 खाली चेक दिए। पैसे मांगे तो शुरू हुई धमकी उसका नाम वेटिंग लिस्ट में नहीं आया। तब उसने गुरदेव सिंह से अपने पैसे वापस मांगे, तीनों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। बाद में गुरमीत सिंह ने उसे झूठे केस फंसाने की धमकी दी। गुरजीत और कुलदीप भी यही राग अलापने लगे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।