कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार बुधवार शाम को अचानक कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां कैबिनेट मंत्री ने उमरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती समारोह की तैयारी का जायजा लिया। साथ ही कैबिनेट मंत्री ने सामाजिक, धार्मिक संगठन और आम नागरिकों को समारोह में आने का निमंत्रण दिया। गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में 31 जनवरी को राज्य स्तरीय समारोह जीटी रोड के पास उमरी में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता खुद कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार करेंगे। उमरी में बनेगा म्यूजियम कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि उमरी में 124 करोड़ रुपए की लागत से संत शिरोमणि गुरु रविदास धाम (भवन) व म्यूजियम को बनाया जाएगा। ये धाम संत रविदास के जीवन, शिक्षाओं और भक्ति आंदोलन को समर्पित होगा। इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। भवन पर लगेगी प्रतिमा भवन में सबसे ऊपर गुरु रविदास जी की 38 मीटर की प्रतिमा लगाई जाएगी। प्रतिमा नेशनल हाईवे से आने-जाने वालों को स्पष्ट नजर आएगी। पांच एकड़ बनने वाले धाम की परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपए की लागत के कार्यों की टेंडर प्रक्रिया चली हुई है। BJP मना रही संत-महापुरुषों की जयंती कहा कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनकी जयंती और स्मृति समारोह आयोजित कर रही है। संत-महात्मा और महापुरुष पूरे मानव समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।