कुरुक्षेत्र में 3 बच्चों के पिता का मर्डर:मस्जिद के पास खून से लथपथ मिला शव; पत्नी को धमकाने घर में घुसे थे आरोपी

कुरुक्षेत्र के शांति नगर (कुरड़ी) गांव में खून से लथपथ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। देर रात 2 लोग उसके घर में घुसकर उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी देकर गए थे। सुबह मस्जिद के पास उसका शव पड़ा मिला। व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी थी। मृतक की शिनाख्त अजैब सिंह (34) निवासी शांति नगर के रूप में हुई। अजैब सिंह मेहनत-मजदूरी करता था। अजैब सिंह बीती शाम करीब 6 बजे अपने घर से निकला था। उसके बाद पूरी रात घर नहीं आया था। अजैब सिंह अपने पीछे पत्नी और 3 बच्चे छोड़ गया। आरोपी 2 बार घर आए अजैब सिंह की पत्नी रीना देवी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 9:30 बजे दिलबाग सिंह और शराफत अली उसके घर में घुस आए थे। आते वे दोनों उसके बच्चे और भाई को धमकाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। वह चिल्लाई तो दोनों आरोपी भाग निकले। रात 12 बजे दी धमकी इस दाैरान उसका पति घर पर नहीं था। रात करीब 12 बजे आरोपी फिर से उसके घर में आए और साफ तौर पर उसके पति को जान से मार डालने की धमकी देकर फरार हो गए। सुबह होते ही उसके पति अजैब सिंह का शव मस्जिद के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया थाना झांसा के SHO गुलाब सिंह ने बताया कि पुलिस ने रीना देवी की शिकायत पर दिलबाग सिंह और शराफत अली के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *