कुरुक्षेत्र में BJP कार्यालय गीता कमल का लोकार्पण:शिक्षा मंत्री ढांडा ने संघर्ष को किया याद; बोले- महात्मा गांधी कांग्रेस को भंग करना चाहते थे

कुरुक्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालय गीता कमल का BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने वर्चुअल तरीके से लोकार्पण किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी पहुंची। रविवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने तीखे तेवर दिखाते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये कार्यालय उनके संघर्षों की याद दिलाता है जब कार्यकर्ता धर्मशालाओं, पेड़ों के नीचे और घरों की छतों पर बैठक करते थे। कांग्रेस डूबा हुआ जहाज ढांडा ने कहा कि कांग्रेस अब डूबा हुआ जहाज है, जिस पर कोई सवारी नहीं करना चाहता। महात्मा गांधी ने आजादी के बाद ही कह दिया था कि कांग्रेस का काम खत्म हो गया है। उसे भंग कर देना चाहिए, लेकिन सत्ता के लालच में ऐसा नहीं होने दिया गया और देश ने इसकी कीमत भुगती है। हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर भी ढांडा मुखर रहे। कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र है, था और रहेगा। यह कोई बनने की बात नहीं, बल्कि भारत की सनातन पहचान है। जो लोग कहते हैं कि इसे बनाना है, वे सच्चाई से दूर हैं। हमें अपने वैभव को फिर से जगाने का काम करना है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की वाइस चेयरपर्सन सुमन सैनी ने कहा कि जवान देश की सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राण तक निछावर कर देते हैं। उसी तरह किसानों ने धरती को अपने पसीने से सींचा है। इसी तरह कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है, जो मौका आने पर अपने खून-पसीना बहाते हुए पार्टी के लिए काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *