कुरुक्षेत्र जिले में ज्योतिसर गांव के पास सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर में एक बड़े मगरमच्छ की मौजूदगी से आस-पास के लोगों की चिंता बढ़ गई। राहगीरों ने मगरमच्छ की वीडियो बनाकर गोताखोर प्रगट सिंह को भेजी। यह मगरमच्छ करीब 14 फुट लंबा है। अगले 4-5 दिनों में उसे पकड़ने के लिए रेस्क्यू चलाया जाएगा। शाम के समय मगरमच्छ नहर किनारे आराम फरमा रहा था। यहां भेड़-बकरियां चरा रहे चरवाहों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत उसकी दूर से वीडियो और फोटो बनाई। साथ ही गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना देकर मौके पर बुलाया। सूचना पाकर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद मगरमच्छ नहर में उतर गया। गोताखोर प्रगट सिंह ने मामले की सूचना वाइल्ड लाइफ टीम तक पहुंचाई। विभाग ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। साथ ही चरवाहों और मछली पकड़ने वालों को नहर से दूर रहने की चेतावनी जारी कर दी। विभाग और गोताखोर प्रगट सिंह की टीम मगरमच्छ को रेस्क्यू करने की प्लानिंग कर रहे हैं। जाल लगाने तक करना पड़ेगा इंतजार गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि यह मगरमच्छ काफी बड़ा है। इस मगरमच्छ को बगैर प्लानिंग और साधन रेस्क्यू करना खतरनाक होगा। इसलिए विभाग के साथ मिलकर पहले नहर में जाल बांधे जाएंगे। जाल बांधते टाइम भी काफी सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि मगरमच्छ पानी में कभी भी हमला कर सकता है। बिजली की फुर्ती से हुआ गायब प्रगट सिंह ने बताया कि अचानक इतने बड़े मगरमच्छ को बिना किसी की सहायता के पकड़ना मुश्किल है। उन्होंने अपनी टीम को जाल लेकर बुलाया था, लेकिन टीम के आने से पहले ही मगरमच्छ बिजली की फुर्ती से नहर में चला गया। धूप सेंकने बाहर आ रहे मगरमच्छ गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि नहर में यह कोई अकेला मगरमच्छ नहीं है। नहर में 10 से 12 फुट लंबे कई मगरमच्छ हैं। वीडियो और फोटो में देखने से इस मगरमच्छ की लंबाई 14 फुट तक होने आशंका है। इसका वजन भी एक क्विंटल से ज्यादा ही होगा। अभी मौसम में कुछ ठंडक है, इसलिए मगरमच्छ धूप सेंकने बाहर आया होगा।