कुर्पण नहर में पानी नहीं, किसान आंदोलन को तैयार:12 मार्च से शुरू होगा प्रदर्शन, विभाग को दिया अल्टीमेटम

निरमंड खंड की कुर्पण नहर में लंबे समय से पानी की आपूर्ति ठप होने से किसान परेशान हैं। हिमाचल किसान सभा खंड इकाई निरमंड ने सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर नहर की खस्ताहाल स्थिति को ठीक करने और पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। किसान सभा निरमंड के अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से नहर में पानी नहीं आ रहा है। इससे ग्राम पंचायत नीमकोट, कोटि, बड़ीधार, त्वार, भाससी और शिवानी के सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं। किसानों के अनुसार, पानी की कमी के कारण खेतों में फसलें नहीं लग पा रही हैं, और सब्जियों की खेती व नर्सरियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे उनकी आजीविका संकट में है। प्रभावित किसानों ने इस समस्या को लेकर कई बार सिंचाई विभाग को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया है। हालांकि, उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और नहर की मरम्मत या पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। हिमाचल किसान सभा खंड इकाई निरमंड ने विभाग से 11 मार्च तक नहर में पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। सभा ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय तक पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू नहीं की गई, तो 12 मार्च से विभागीय कार्यालय के बाहर क्रमिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान देवकी नंद, स्नेही, पदम, घनश्याम, तारा चंद, जिया नंद, प्रेम, राम सिंह, उत्तम रानी और वेद प्रकाश सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *