कुल्लू में युवती से कथित अभद्रता, टेलर पर आरोप:नाप लेने गई थी युवती, आपत्तिजनक टिप्पणी से मामला गरमाया, तनावपूर्ण माहौल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक युवती के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया है। घटना ‘मुस्कान टेलर’ नामक दुकान की बताई जा रही है, जहां युवती अपनी शादी के कपड़ों का नाप देने गई थी। इस दौरान हुई कथित बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, दुकानदार ने नाप लेने के दौरान युवती के साथ आपत्तिजनक बाते कही। आरोप है कि कपड़ों की फिटिंग और शारीरिक बनावट को लेकर अनुचित बातें कही गईं, जिससे युवती असहज हो गई। घर पहुंचने के बाद युवती ने पूरी घटना अपने परिवार को बताई। इसके बाद परिवार की महिलाएं दुकान पर पहुंचीं और दुकानदार से जवाब-तलब किया। अब इससे जुड़ा वीडियो वायरल हो रह है। इसमें महिलाएं दुकानदार को फटकार लगाती सुनी जा सकती है। विहिप ने सख्त कार्रवाई की मांग की इस मामले पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और अन्य स्थानीय संगठनों ने भी प्रतिक्रिया दी है। विहिप से जुड़े सुनील आर्य ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने घटना पर विरोध जताया घटना के विरोध में स्थानीय लोग और संगठन मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित लोगों ने दुकान संचालक को दुकान खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया है। उनका कहना है कि इस तरह की शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं और इस बार मामला गंभीर हो गया है। फिलहाल, घटना के बाद बाजार क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *