हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू में मंगलवार देर रात आनी के पास सैंज ओट नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी 3 गाड़ियां आ गईं। इससे एक गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। अन्य को हल्का नुकसान हुआ है। भारी बारिश के अलर्ट के बीच मंडी की टिकैन सब तहसील के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की गई है। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन 4 मील के पास रात में लैंडस्लाइड के बाद दोबारा बंद हो गया। आज सुबह 8.30 बजे इसे बहाल किया गया। बारिश से प्रदेशभर में 357 सड़कें बंद हैं। 700 से ज्यादा बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 179 से ज्यादा पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हैं। अकेले मंडी जिला में 254 सड़कें और 540 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं। PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज मंडी में बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचेंगे। किन्नर कैलाश यात्रा स्थगित बारिश को देखते हुए किन्नौर जिला प्रशासन ने आज किन्नर कैलाश की यात्रा को भी स्थगित कर दिया है। कोल-डैम और पंडोह से छोड़ा पानी, पंजाब में अलर्ट बिलासपुर में सतलुज नदी पर बने कोल-डैम से आज फिर सुबह 7 बजे पानी छोड़ा गया। दोपहर बाद 3.30 बजे दोबारा से पानी छोड़ा जाएगा। इसे देखते हुए डैम प्रबंधन ने पंजाब के लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी है। इससे नदी का जल स्तर 4 से 5 मीटर बढ़ेगा। वहीं सुबह 9 बजे ब्यास नदी पर बने पंडोह-डैम से भी पानी छोड़ा गया। इसका पानी मंडी-धर्मपुर-संधोल-सुजानपुर-नादौन-देहरा होते हुए पौंग बांध में जाएगा। फिर पंजाब के तलवाड़ा में प्रवेश करता है। आज शाम तक भारी बारिश, कल से कमजोर पड़ेगा मानसून मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि आज शाम तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव रहेगा। इससे कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। कल से मानसून थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन कई स्थानों पर बारिश का दौर अगले 3 दिन तक जारी रहेगा। मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…