केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की तरफ से बुधवार को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान है। इस हड़ताल को लेकर ट्रेड यूनियन ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर रोडवेज पर देखा जा रहा था। मगर रोडवेज की बस सेवा प्रभावित नहीं हुई। बसें सुचारू रूप से चल रही है। वहीं प्रशासन की तरफ से हड़ताल को लेकर तैयारी की गई है। बिजली, पानी, कानून व्यवस्था को संभालने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगा दिए गए हैं। बिजली निगम के एसई ने बैठक की और ड्यूटी लगाई। वहीं पुलिस प्रशासन की तरफ से जिले भर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। लघु सचिवालय, क्रांतिमान पार्क और सिविल अस्पताल परिसर में एक-एक पुलिस की कंपनी तैनात की गई है। इसके अलावा बस स्टैंड पर पुलिस कर्मचारियों को लगाया गया है। यातायात पुलिस शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को संभालेगी। जिले में धारा 163 बीएनएसएस प्रभावी की गई है, जिसका सभी को पालन करना अनिवार्य है। हड़ताल को देखते हुए सभी कर्मचारी संगठन लगे हुए। वहीं प्रशासनिक कार्यालय में भी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। एसपी की अपील-सरकारी संपत्ति को नुकसान ना पहुंचाएं
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि उन्होंने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी व्यक्ति सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाए इसके लिए सख्त निगरानी रखी जाए। हड़ताल के दौरान किसी प्रकार के रोड जाम या आपात सेवाओं में बाधा की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस को आवश्यकतानुसार रूट डायवर्ट करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। राइडर-पीसीआर लगातार गश्त करेंगी
थाना क्षेत्रों में पीसीआर, राइडर और पेट्रोलिंग टीमें दंगा नियंत्रण उपकरणों सहित लगातार गश्त करेंगी। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। किसी प्रकार की अफवाह फैलाने या बिना सत्यापन पोस्ट शेयर करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रोडवेज यूनियन ने कहा- बसें नहीं चलने दी जाएंगी
हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ व सांझा मोर्चा के सदस्य अजय दूहन ने बताया कि पहली बस से ही पूर्ण रूप से हड़ताल करेंगे। यह हड़ताल रात 11 बजे दिल्ली जाने वाली बस तक चलेगी। हड़ताल के दौरान पूर्ण रूप से चक्का जाम रखा जाएगा। कर्मशाला में स्टाफ भर्ती करने की मांग की जाएगी, एसपीएल चालकों को पक्का करने व निजीकरण पर रोक लगाने की मांगों सहित अन्य मांगे सरकार के प्रतिनिधियों के समक्ष रखी जाएगी। वहीं रोडवेज के डीआई श्रवण कुमार का कहना है कि हड़ताल के दौरान बसें चलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों से भी काम लिया जाएगा।