झज्जर में कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जेल में डालने वाले बयान पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों का जवाब देने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में नहीं आ रहे हैं। झज्जर नगर परिषद की बैठक में पहुंची गीता भुक्कल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री सांसदों से डरते हुए संसद जैसी देश की सबसे सुरक्षित जगह पर भी नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ी दुर्दशा और दुर्भाग्य की बात देश के लिए और क्या हो सकती है। भुक्कल बोलीं- राहुल गांधी संवैधानिक पद पर भुक्कल ने कहा कि राहुल गांधी देश के नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को ऐसा बयान देने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को उठा रहे हैं, उनका जवाब सरकार के पास नहीं है। किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा प्रदेश में किसानों को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी कांग्रेस विधायक ने सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, तो फिर किसान धरना-प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं और उन्हें मुआवजा क्यों नहीं मिल रहा है। भुक्कल ने किसानों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया भुक्कल ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और आए दिन किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि उन्हें नजरअंदाज करना चाहिए। झज्जर नगर परिषद पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप झज्जर नगर परिषद की बैठक में पहुंची गीता भुक्कल ने नगर परिषद पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परिषद में कई विकास कार्यों में अनियमितताएं हुई हैं और सरकार को इसकी विजिलेंस जांच करवानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भ्रष्टाचार में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके।