नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव और केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी असंगबा चुबा एओ शनिवार को शेखपुरा पहुंचे। उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित मंथन सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें नीति आयोग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि, भवन और सड़क जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण कार्यों की प्रगति पर जोर दिया गया। इस अवसर पर, नीति आयोग के सहयोग से जीविका द्वारा स्थापित ‘जीविका दीदी कैफे’ का भी असंगबा चुबा एओ ने उद्घाटन किया। पुस्तकों के उचित रखरखाव के दिए निर्देश इस दौरान जिला पदाधिकारी शेखर आनंद, उप विकास आयुक्त संजय कुमार, अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान और अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे। केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी कॉलेजों और स्कूलों में साफ-सफाई, पेंटिंग, फर्नीचर की व्यवस्था और पुस्तकों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालयों के माध्यम से दी जाने वाली सुविधाओं के प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया। असंगबा चुबा एओ ने प्लस टू हाई स्कूल सर्वा में पुस्तकालय लैब और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डीपीएम जीविका को जीविका प्रशिक्षण एवं उद्योग केंद्र का निरीक्षण कर उसे व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। खेल के माध्यम से मनोरंजक शिक्षा प्रदान करने का निर्देश आकांक्षी प्रखंड शेखोपुरसराय के संबंध में जानकारी लेते हुए, उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में दी जाने वाली सुविधाओं को प्रदर्शित करने और बच्चों को खेल के माध्यम से मनोरंजक शिक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया। बरबीघा के रेफरल अस्पताल में उन्होंने ओटी रूम और लेबर वार्ड सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और आम जनता के हित में अधिक से अधिक रोगों का उपचार करने के निर्देश भी दिए।जिले के आकांक्षी जिला कार्यक्रम में रैंकिंग सुधार पर भी चर्चा हुई, जिसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया।