कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस द्वारा एसडीएम को झुनझुना देने का प्रयास करने के मामले में विधायक पर FIR दर्ज हुए एक महीने से भी ज्यादा समय बीत चुका है। इसके बावजूद अभी तक विधायक व अन्य लोगों को जांच में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया गया है। अभी तक न तो विधायक सहित चार अन्य लोगों में से पुलिस द्वारा किसी को नोटिस दिया गया है और न ही उन्हें जांच में शामिल होने की कॉल की गई है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में अभी तक साक्ष्य ही जुटाए जा रहे हैं। दूसरी ओर विधायक ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केस तो दर्ज कर दिया है, लेकिन उन्हें अभी तक पुलिस की ओर से कोई संदेश जांच के लिए नहीं मिला है। काम पुलिस को करना है, अगर उन्हें बुलाएंगे तो ही वे जाएंगे। विधायक ने कहा कि वे भी कॉल के इंतजार में हैं। जानिए पूरा मामला बता दें कि कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला जनवरी महीने का है, जब कांग्रेस विधायक ने एसडीएम कैप्टन परमेश सिंह को झुनझुना थमाने का प्रयास किया था। विधायक बीडीपीओ चीका परिसर में दुकानों के निर्माण से संबंधित मामले में विरोध प्रदर्शन करने के लिए एसडीएम कार्यालय गुहला पहुंचे। एसडीएम से हुई बहस आरोप है कि यहां उनकी एसडीएम से काफी बहस हुई थी। बहस बढ़ने पर हंस ने एसडीएम को झुनझुना थमाते हुए कहा था- पकड़ो और जाकर बजाते रहो। इसकी शिकायत एसडीएम ने पुलिस के आला अधिकारियों से की थी, जिस पर अब केस दर्ज किया गया है। इसमें विधायक के अलावा उनके चार साथियों को भी नामजद किया गया है। मामले को लेकर गुहला डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि पुलिस की ओर से अभी इस संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों में जो भी सामने आएगा, उसी के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की लगातार जांच कर रही है।