कैथल के गांव कांगथली में पाबसर रोड पर बोलेरो गाड़ी में आए एक आरोपी ने पशुओं के डॉक्टर की हत्या करने के लिए उसे गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। आरोपी ने आते ही डॉक्टर को टककर मार दी, जिससे वह उछलकर कई फुट दूर जा गिरा। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी से रॉड निकाली और डॉक्टर के सिर पर मारी। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। जब मौके पर राहगीर इकट्ठे हुए तो आरोपी अपनी गाड़ी लेकर भाग गया। इस संबंध में पुलिस ने हत्या के प्रयास संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। दवाई लेने मेडिकल स्टोर पर गया गांव हिम्मतपुरा निवासी हरपाल सिंह ने सीवन थाने में दी शिकायत में बताया कि वह पशुओं का प्राइवेट डाक्टर है। 20 मार्च की शाम करीब साढ़े चार बजे वह मनविद्र के डेरे में पशुओं की दवाई देने के लिए गया था। यहां से दवाई देने के कुछ समय के बाद वह कांगवली पाबसर रोड से चीका रोड पर मेडिकल स्टोर पर पशुओं की दवाई लेने के लिए गया। उसने अपनी बाइक को रोड पर खड़ी कर दिया। इतनी देर में दवा कंपनी से उसके पास फोन आया कि आपसे मिलना है। उसने कहा कि वह प्रीत मेडिकल कांगथली पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि वे पाबसर रोड ही पर खड़े हैं। सड़क पार करते समय टक्कर मारी जिसके बाद वह पैदल ही पाबसर की तरफ सड़क पार कर रहा था। इस दौरान योजनाबद्ध तरीके से उसके ही गांव के गैहल सिंह अपनी गाड़ी को भगाते हुए आया और उसकी हत्या कर नीयत से अपनी गाड़ी की सीधी टक्कर उसे मार दी। गाड़ी की टक्कर लगते ही वह उछल कर सड़क पर गिर गया। इसके बाद गैहल सिंह ने अपनी गाड़ी से लोहे की रॉड निकाली और उसके सिर में मारी। राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से गैहल सिंह से उसे छुड़वाया। पहले भी हुए केस शिकायतकर्ता ने कहा कि इस पूरी योजना में गैहल सिंह का भतीजा अजविंद्र व साहब सिंह भी शामिल थे। उनका पहले भी झगड़ा हुआ था और आपस में मुकदमे दर्ज हैं। इसी रंजिश से गैहल सिंह ने अपने साथियों सहित योजना बनाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। बाद में लोगों को इकट्ठे होते देख आरोपी मौके से भाग गए। सीवन थाना एसएचओ पारस कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।