कैथल में पूंडरी में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम जलने का मामला:विधायक बोले-सहायता के लिए जारी करेंगे स्कैनर, दो-तीन करोड़ का जला था सामान

कैथल के पूंडरी में पाई रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में आग लगने से हुए करोड़ों रुपए के नुकसान के बाद अब विधायक सतपाल जांबा खुद दुकानदारों के समर्थन में आए हैं। विधायक ने कहा है कि इस घटना में दुकानदारों को करीब दो से तीन करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। ऐसे में वे खुद नैतिकता के नाते दुकानदारों की सहायता के लिए उनका स्कैनर जारी करेंगे। जिले के लोग अपनी इच्छा के अनुसार इस पर रुपए भेजकर दुकान के मालिक और उसके पार्टनर की सहायता कर सकते हैं। इस संबंध में विधायक ने एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया है। लोगों से भी की अपील विधायक ने कहा कि पूंडरी में 20 फरवरी को एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में आग लग गई थी। उसमें शोरूम के मालिक देशाराज और उसके पार्टनर को भारी नुकसान हुआ है। वे इस संबंध में समाज से अपील कर रहे हैं कि पीड़ित दुकानदारों की सहायता करें। विधायक ने कहा कि वे स्वयं अपने स्तर पर पीड़ित दुकानदारों का स्कैनर भेज देंगे। जिसकी जितनी इच्छा हो, वे सहायता कर सकते हैं। उन्होंने अपील की कि सभी मदद के लिए आगे आएं। इससे लोगों का आपस में विश्वास बनता है। दुख किसी पर भी आ सकता है। सुरक्षा उपकरण न होने से लगी आग विधायक ने यह भी कहा कि शोरूम में दो से तीन करोड़ रुपए का सामान रखा था, लेकिन सुरक्षा को लेकर लापरवाही रही। दुकानदारों ने गर्मियां आने से पहले ही स्टॉक रखा हुआ था। आग बुझाने के उपकरण वहां नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानदार सुरक्षा उपकरण अपनी दुकानों में जरूर लगाएं। साथ ही कहा कि वे नैतिकता के नाते दुकानदारों की सहायता कर रहे हैं। दुकानदार देशराज ने बताया कि 20 फरवरी को रात करीब 2 बजे शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया। घटना के समय शोरूम में कोई मौजूद नहीं था, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित दुकानदार देशराज व विक्रम सिंह ने बताया था कि इस आगजनी में शोरूम का सारा सामान जल गया। दुकान के सभी बही-खाते और जरूरी दस्तावेज नष्ट होने से व्यापार का पूरा रिकॉर्ड खत्म हो गया है। नुकसान की कीमत दो से तीन करोड़ रुपए आंकी गई। अब दुकानदारों को सहायता पहुंचाने के लिए विधायक ने उनका स्कैनर जारी करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *