कैथल में स्कॉर्पियो ने छह गाड़ियों को टक्कर मारी:युवती चला रही थी, अचानक हुई बेकाबू, गाड़ी मालिकों से हुई सुलह

कैथल में अंबाला रोड पर टाटा मोटर्स के सामने एक कार, सड़क किनारे खड़ी छह अन्य गाड़ियों से टकरा गई। यह हादसा दोपहर को करीब 2:30 बजे हुआ। शहर की ओर से अंबाला रोड पर एक युवती स्कॉर्पियो गाड़ी को चलाती हुई बाहर जा रही थी। जैसे ही वह एजेंसी के सामने पहुंची तो अचानक बेकाबू होकर सामने खड़ी गाड़ियों से टकरा गई। इसके बाद उस गाड़ी के आगे खड़ी गाड़ियां भी एक दूसरे से भिड़ गई। सभी गाड़ियों में भारी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। प्रत्यक्षदर्शी विचित्र सिंह ने बताया कि शहर तरफ से गाड़ी को चलाते हुए एक लड़की यहां आ रही थी। लड़की गाड़ी चलाते हुए कट के पास बहक गई और उसकी कार अनियंत्रित होकर सामने खड़ी गाड़ियों से टकरा गई। इसमें किसी भी व्यक्ति को चोटें नहीं आई, लेकिन सात गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में गाड़ी चला रही लड़की व अन्य गाड़ियों के मालिकों में सुलह हो गई। ट्रैफिक थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी गाड़ियों को वहां से हटवाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *