कैथल में अनुशासन की एवं नियमों की अवहेलना करने के आरोप में बर्खास्त किए गए हेड कांस्टेबल सुनील संधू के समर्थन में लोग धड़ल्ले से सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल रहे हैं। पोस्टों में संधू के लिए न्याय की अपीलें की जा रही हैं। कैथल के गांव सीनंद के रहने वाले एक युवक मनीष ने संधू के समर्थन में एक गाना भी बनाया है। वहीं इस मामले पर राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला पहले ऐसे राजनीतिक चेहरे के रूप में सामने आए हैं, जिन्होंने ट्विटर पर पोस्ट कर संधू का समर्थन किया है। सुनील संधू ने भी बर्खास्तगी के बाद एक और नई पोस्ट फेसबुक पर डाली है। संधू की एक और पोस्ट अपनी पोस्ट में सुनील संधू ने लिखा है कि भगत सिंह का वंशज हूं और डॉ. भीम राव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान में आस्था रखता हूं। महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और गुरु गोबिंद जी जैसी महान आत्माओं से प्रेरणा मिलती है। न्याय की मशाल लेकर निकला था, पर मुझे क्या पता था कि व्यवस्था के अंधेरे इतने गहरे हैं कि यहां सूरज भी सरकारी इजाजत के बिना नहीं उगता। किसी को उनसे मिलना है तो डिफेंस कॉलोनी गली नंबर 9 एड्रेस है। संधू ने लिखा कि भगवान मौका देगा बात करूंगा। पिछले कई दिनों से आपने बहुत कॉल किए। मैं रिप्लाई नहीं कर पाया। उसके लिए मजबूरी थी। ईमानदारी, सच्चाई, जमीर जिंदा रखने की इस मुसीबत की घड़ी में हर उस भगवान रूपी इंसान का कर्जदार हूं जिसने इस बुरे वक्त में मेरे लिए दुआएं की और मेरे परिवार का हौसला बढ़ाया। हरियाणा, पंजाब, भारत के निवासियों का कर्जदार रहूंगा। सदा आपका दिल से धन्यवाद। देखने और सुनने में आया कुछ असामाजिक तत्व जात, बिरादरी भाईचारा खराब करने की कोशिश कर रही हैं। उनसे सावधान रहना। सुनील संधू बर्खास्त हरियाणा पुलिस…. सुरजेवाला ने रखा पक्ष इस संबंध में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बर्खास्त पुलिसकर्मी सुनील संधू के समर्थन में सोशल मीडिया पर खुलकर पक्ष रखा है। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज व ट्विटर पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सुनील संधू न केवल एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी रहे हैं, बल्कि नशा मुक्त हरियाणा सहित अन्य सामाजिक अभियानों में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सुरजेवाला ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार द्वारा बिना किसी जांच के सुनील संधू को बर्खास्त करना सरासर अन्यायपूर्ण है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह कदम दर्शाता है कि हरियाणा में अब नौकरी के साथ सामाजिक भागीदारी के लिए भी कोई स्थान नहीं छोड़ा जा रहा। उन्होंने सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। सीनंद के मनीष ने गाया समर्थन में गाना सुनील संधू के समर्थन में कैथल के गांव सीनंद के युवक मनीष ने एक गाना भी गाया है। गाने के बोल हैं.. सुनील संधू दुनिया फैन या होरी तेरे नाम की, उस मांग नै मैं नमन करूं, जिस मां नै यो शेर जना, जरूरतमंद लोगां की खात्तर, सुनील सै रब की मेहर बना। इस बारे में जब मनीष से बातचीत की गई तो उसने बताया कि सुनील की सामाजिक कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने ये गाना लिखा और गाया है। सुनील ने वर्दी को धूमिल नहीं बल्कि उसे सेवा कार्यों के जरिए चमकाया है। ये है मामला बता दें कि, हरियाणा के कैथल में तैनात हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू को बर्खास्त कर दिया गया है। SP उपासना ने बताया था कि सुनील संधू ने DSP पर धमकाने के आरोप लगाए थे। उन्हें इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को करने के बजाए सोशल मीडिया पोस्ट की। इससे पुलिस विभाग की छवि खराब हुई। दूसरा, सुनील संधू नशा मुक्ति अभियान के दौरान नशे के साथ आरोपियों को पकड़ने के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डालते थे, जो कि नियमों के खिलाफ है। अनुशासनहीनता को लेकर सुनील संधू पर कार्रवाई की गई है। सुनील ने डीएसपी पर धमकी का आरोप लगाया था 23 फरवरी को सुनील संधू ने फेसबुक पोस्ट कर कलायत DSP ललित यादव पर नशे के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। संधू की इस पोस्ट के बाद SP उपासना सिंह ने गुहला DSP कुलदीप बेनीवाल को जांच सौंपी थी। इस विवाद के बाद 2 दिन पहले ही सुनील संधू समेत नशा मुक्ति टीम के 9 सदस्यों को लाइन हाजिर किया गया था। जिला पुलिस मुख्यालय की तरफ से कहा गया कि इन पुलिसकर्मियों ने अनुशासन और नियमों का पालन नहीं किया। अब सुनील को बर्खास्त किया गया है।