कैथल के गांव चौशाला में सड़क हादसे में करीब 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर उसके पीछे बैठा एक अन्य युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मृतक की पहचान गांव चौशाना निवासी रोहित के रूप में हुई है। युवक अपने एक दोस्त के साथ पास के गांव बाता में अपना रोल नंबर लेने के लिए जा रहा था। वह इस समय 12वीं कक्षा में पढ़ रहा था और उसका आज पेपर होना था। वे बाइक पर गांव बाता और चौशाला के बीच एक पुलिया के पास पहुंचे तो अचानक उनकी मोटरसाइकिल का बैलेंस बिगड़ गया। वह पुलिया से जा टकराई। इस दुर्घटना में छात्र रोहित का सिर पुलिया से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने मृत बताया राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया और युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कलायत थाना से अस्पताल में पहुंचे जांच अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।