पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे को ED का समन जारी हुआ तो कांग्रेस ने उन्हें वापस पार्टी में आने का ऑफर दे दिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने कैप्टन को कांग्रेस पार्टी में आने का न्योता दे दिया। ED का समन मिलने के बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा चल रही थी कि कैप्टन ने कांग्रेस के साथ नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी हैं, इसलिए ED ने उन्हें और उनके बेटे को समन जारी कर दिया ताकि वो कांग्रेस में वापसी करने से पहले सोच लें। भूपेश बघेल ने कहा कि यदि कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस में वापस आना चाहते हैं, तो इस मामले पर पार्टी द्वारा विचार किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही लेगा। बघेल ने यह भी स्वीकार किया कि कैप्टन पंजाब की राजनीति के बड़े नेता रहे हैं और उनकी भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। कैप्टन की बेटी बोलीं- कहीं नहीं जा रहे
उधर, कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी व पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय इंदर कौर ने लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि ED का समन पहले भी था और अब भी वही है। उसका जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह कहीं नहीं जा रहे हैं। वो भाजपा में हैं और भाजपा में ही रहेंगे। कैप्टन ने कहा था- कांग्रेस को मिस करता हूं
करीब 2 महीने पहले कैप्टन ने कहा था कि मैं कभी भी कांग्रेस पार्टी को नहीं छोड़ता। कांग्रेस नेताओं ने मेरे साथ कई काम गलत कर दिए। उन्होंने मेरी बातों को नजरअंदाज किया। इसलिए मैंने पार्टी छोड़ दी। मैं BJP में हूं, लेकिन आज भी कांग्रेस को मिस करता हूं। बाजवा व रंधावा भी दे चुके हैं कैप्टन को ऑफर
कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह के चिर विरोधी रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा व प्रताप सिंह बाजवा भी कुछ समय पहले उनकी तारीफ कर चुके हैं और उन्होंने भी पार्टी में आने का ऑफर दिया था। हालांकि उसके बाद बाजवा व रंधावा ने फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह को घेरना शुरू कर दिया था।