कैसे परिवार के सामने आई ईशान किशन की लव स्टोरी:6 साल की डेटिंग; दादा ने रखी शादी की शर्त, बर्थडे मनाने वेस्टइंडीज गईं थीं अदिति

‘ईशान किशन अब एक साल के अंदर अदिति से शादी करने वाला है। काफी दिन से वो दोनों एक दूसरे के संपर्क में हैं। हो सकता है, इसी साल लास्ट तक या अगले साल दोनों की शादी हो जाएगी। मैंने उससे कहा था कि मेरे मरने से पहले तुम शादी कर लो, तब उसने अपनी गर्लफ्रेंड की बात परिवार को बताई थी। उसकी बारात फ्लाइट से जयपुर जाएगी। अदिति भी ईशान से प्यार करती है। वो उसका जन्मदिन मनाने चुपके से वेस्टइंडीज पहुंच गई थी। हमारा परिवार उससे बातचीत करता रहता है।’ ये कहना है क्रिकेटर ईशान किशन के दादा राम अनुग्रह पांडेय का। वो इन दिनों औरंगाबाद में अपने गांव में हैं। यहां दैनिक भास्कर ने उनसे ईशान की शादी को लेकर खुलकर बातचीत की। पढ़िए सवाल-जवाब सवाल: ईशान ने शादी की बात आपसे पहली बार कब की? जवाब: करीब एक साल पहले उसका फोन आया था। उसने मेरा हाल चाल पूछा, मैंने उससे कहा कि मैं मरने से पहले बहू का मुंह देखना चाहता हूं। मेरे मरने से पहले तुम शादी कर लो, पता नहीं तुम्हारी शादी तक जिंदा रहूंगा या नहीं। तभी उसने हमें अदिति के बारे में बताया। उसने कहा कि 2026-27 में शादी करने की सोच रहा है। सवाल: क्या उसने खुद बताया कि लड़की कौन है? जवाब: हां, मैंने पूछा कि क्या लड़की देखी है? तब उसने कहा कि आप अदिति को जानते हैं। आपने टीवी पर भी कई बार मेरे साथ देखा है। तो हमें उस लड़की का चेहरा याद आ गया। उसने कहा कि वह उसी से शादी करना चाहता है। उसने यह भी कहा कि आप लोगों को पहले से अंदाजा है। इसलिए हम छिपकर कुछ नहीं करना चाहते। सवाल: अदिति के बारे में आपको क्या जानकारी है? जवाब: हमें पता है कि वह जयपुर की रहने वाली है और मॉडलिंग करती है। मिस इंडिया प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप रह चुकी है। हमने उनकी तस्वीरें देखी हैं। पढ़ी-लिखी और आत्मनिर्भर लड़की है। परिवार को उनके पेशे या शहर से कोई समस्या नहीं है। सवाल: क्या दोनों का रिश्ता परिवार की सहमति से है? जवाब: हां, पूरी तरह। ईशान ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह परिवार की मर्जी के खिलाफ नहीं जाएगा। हमने भी कहा कि उसकी खुशी सबसे अहम है। घर में इस विषय पर खुलकर बात हुई है और किसी ने आपत्ति नहीं जताई। सवाल: दोनों की मुलाकात कैसे शुरू हुई, क्या जानते हैं? जवाब: बहुत अच्छे से जानकारी नहीं है। लेकिन 2019 IPL के दौरान अदिति को कई मैचों में स्टैंड में देखा गया था। वहीं से चर्चा शुरू हुई थी। हम लोगों ने कई बार उससे पूछने की कोशिश की थी, लेकिन वो बात को घुमा देता था। बाद में सोशल मीडिया पर भी दोनों के वीडियो और तस्वीरें सामने आने लगी। 2025 में मैंने उससे शर्त रखकर शादी के बारे में पूछा था। सवाल: क्या अदिति ईशान के मैच देखने जाती हैं? जवाब: हा, कई बार गई हैं। पिछले साल जब ईशान वेस्टइंडीज दौरे पर था, तब 18 जुलाई को जन्मदिन मनाने वह चुपके से वहां पहुंच गई थी। दिल्ली में भी मैच के दौरान वो साथ में थी, इसकी चर्चा खूब हुई थी। इससे परिवार को भी अंदाजा हो गया था कि उनका रिश्ता गंभीर है। सवाल: क्या जाति अलग होने से कोई परेशानी है? जवाब: नहीं, बिल्कुल नहीं। अदिति हमारी जाति की नहीं हैं, लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। मेरे बड़े पोते ने भी इंटरकास्ट शादी की है। हम मानते हैं कि बच्चों की खुशी और समझदारी ज्यादा जरूरी है, न कि जाति। सवाल: शादी कब तक होने की संभावना है? जवाब: अभी तारीख तय नहीं हुई है। लेकिन ईशान से बातचीत के अनुसार वो इस साल के लास्ट तक या 2027 में शादी कर लेगा। क्रिकेट शेड्यूल बहुत व्यस्त रहता है, इसलिए समय निकाल कर कार्यक्रम रखा जाएगा। सवाल: शादी कहां आयोजित करने की तैयारी है? जवाब: संभावना है कि मुख्य समारोह जयपुर में हो, क्योंकि अदिति वहीं की है। पटना या गांव में रिसेप्शन रखा जा सकता है। ईशान ने मजाक में कहा था कि बारात फ्लाइट से जाएगी, इसलिए आयोजन भव्य होगा। अब ईशान की गर्लफ्रेंड अदिति की 4 तस्वीरें.. अब जानिए अदिति के बारे में जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया पिछले कुछ वर्षों में फैशन और ब्यूटी इंडस्ट्री में तेजी से उभर रही हैं। नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर चुकी हैं। अदिति का जन्म और परवरिश जयपुर में हुई। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई जयपुर में की। कॉलेज के दौरान ही मॉडलिंग और फैशन की ओर झुकाव बढ़ा। अदिति पेशे से मॉडल, पिता जयपुर में कारोबारी अदिति हुंडिया के पिता जयपुर में कारोबारी हैं। वे मिस डीवा 2018 की विनर रह चुकी हैं। यहीं से उन्हें मॉडलिंग की दुनिया में अलग पहचान मिलनी शुरू हुई थी। वे फेमिना मिस इंडिया की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। नेशनल ब्यूटी क्वीन कॉन्सटेस्ट तक पहुंची हैं। फैशन क्रेडिबिलिटी के साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। ईशान किशन और अदिति हुंडिया के अफेयर की चर्चा 2019 IPL के दौरान ही होने लगी थी। स्टैंड में अदिति की मौजूदगी ‘मिस्ट्री फैनगर्ल’ के रूप में चर्चा का विषय बनने लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *