कोर्ट परिसर में हवालाती को नशीला पैकेट दिया:भीड़ का फायदा उठाया, तलाशी में मिले16 कैप्सूल और 45 मिलीग्राम स्मैक बरामद

पंजाब के लुधियाना में जिला अदालत परिसर में पेशी के दौरान एक हवालाती को नशीला पदार्थ पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी हवालाती हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के कब्जे से 16 नशीले कैप्सूल और 45 मिलीग्राम स्मैक बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन खन्ना में जनरल ड्यूटी पर तैनात मुलाजिम हवलदार विपन 26 फरवरी 2026 को साथी कर्मचारियों के साथ जिला कचहरी लुधियाना में चालानी ड्यूटी पर मौजूद थे। मुकदमा नंबर 35, दिनांक 10-02-2026 (धारा 21, 27, 61, 85 NDPS एक्ट, थाना दोराहा) में बंद हवालाती हरप्रीत सिंह को माननीय अदालत में पेश किया गया था। भीड़ का फायदा उठाकर हवालाती को अज्ञात ने पकड़ा नशे का लिफाफा पुलिसकर्मियों के अनुसार, अदालत के बाहर भीड़ का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात युवक ने हवालाती हरप्रीत सिंह को एक मोमी लिफाफा पकड़ा दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस को शक होने पर जब हरप्रीत सिंह की तलाशी ली गई तो उसकी दाईं जेब से 16 नशीले कैप्सूल और 45 मिलीग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर 5 में धारा 21, 22, 61 और 85 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार युवक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *