कौशांबी में मिश्री लाल हत्याकांड आरोपी गिरफ्तार:जमीन विवाद में ईंट से सिर कुचलकर की थी हत्या

कौशांबी में 19 मार्च को हुए मिश्री लाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने जमीन विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की हैं। मामला करारी थाना क्षेत्र के ग्राम इब्राहिमपुर का है। मृतक की बेटी गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने तीन टीमों का गठन किया था। इन टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देवीदयाल का पुरा मजरा टेवा निवासी बच्चा लाल पुत्र लल्लू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 18 मार्च को अपनी ससुराल ग्राम इब्राहिमपुर लोधन का पुरवा, थाना करारी आया था। आरोपी के अनुसार, उसकी बहन ने मिश्री लाल के भाई मोहन लाल को अपने पास रखकर उनकी कुछ जमीन अपने नाम करवा ली थी। इसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिससे मिश्री लाल नाराज रहते थे। पहले भी इस बात को लेकर झगड़ा हो चुका था, जिसके बाद उसने हत्या की योजना बना ली। 18 मार्च की रात मिश्री लाल घर में अकेले सो रहे थे। आरोपी चुपके से घर में घुसा और ईंट से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को चारपाई से नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे आरोपी ने ही लोगों को घटना की जानकारी दी, ताकि उस पर शक न हो। पुलिस जांच में उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया- आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *