सीतामढ़ी में क्लासरूम में बच्चों के बीच हुई मारपीट में एक छात्रा की मौत हो गई। मामला जिले के सोनबरसा के सहोरवा मध्य स्कूल का है। छात्रा की पिटाई का आरोप उसकी दो सहेलियों पर लगा है। पिता जितेंद्र कुमार राय ने बताया, ‘सोमवार को उनकी बेटी स्मृति कुमारी (11) की स्कूल में अपनी क्लास की 2 लड़कियों के साथ लड़ाई हो गई। देखते ही देखते झगड़ा मारपीट में तब्दील हो गया। स्मृति को इतना पीटा गया कि वो अधमरी हो गई। पहले उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पटना लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।’ पिता का आरोप है कि टीचर ने लड़ाई रुकवाने की जगह छात्राओं को उकसाया। पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए कैसे चौथी क्लास में पढ़कर बच्चों की आपसी मारपीट मौत का कारण बन गई। क्लास का पंखा चालू करने को लेकर हुई लड़ाई पिता जितेंद्र कुमार ने बताया, रोज की तरह मेरी बेटी स्मृति स्कूल गई थी। क्लास पहुंचने पर स्मृति ने कहा कि पंखा चालू कर दो, लेकिन दो लड़कियों ने कहा, पंखा नहीं चलेगा। इस बात पर लड़ाई बढ़ी। उन दोनों बच्चियों ने कहा कि तुम्हें मारेंगे। मेरी बेटी ने कहा मारो। इसके बाद दोनों छात्राओं और स्मृति कुमारी के बीच हाथापाई शुरू हो गई। पिता का आरोप है कि दोनों छात्राओं ने मिलकर स्मृति की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जितेंद्र राय स्कूल पहुंचे और घायल बेटी को इलाज के लिए पहले सोनबरसा, फिर सीतामढ़ी ले गए। पटना ले जाते समय गांधी पुल पर स्मृति ने दम तोड़ दिया। शिक्षक बोले- जो जीतेगा वो पीटेगा मृतका के पिता ने शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है, ‘जब बच्चों ने मारपीट की जानकारी शिक्षकों को दी, तब भी किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। इतना ही नहीं बच्ची के बेहोश होने पर बच्चों के साथ उसे भेजा गया। छोटे बच्चे किसी तरह टांगकर मेरी बेटी को ला रहे थे।’ पिता का दावा है कि यदि समय रहते शिक्षक हस्तक्षेप करते, तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी। घटना के समय स्कूल में शिक्षक हरे राम सिंह, जोगेंद्र सहनी और एक सहायक शिक्षक मौजूद थे। वहीं छात्रा की मौत के बाद स्कूल प्रबंधन मीटिंग की बात कह रहा है। जिसका पिता ने खंडन किया। उन्होंने कहा, वहां काम करने वाले स्टाफ ने मुझे बताया कि जब बच्चियों में लड़ाई हुई तब कोई मीटिंग नहीं चल रही थी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी इधर, घटना के बाद परिजनों ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। FSL की टीम भी स्कूल पहुंची थी। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों और छात्रों से बात की और मामले की जानकारी ली। ——- इसे भी पढ़िए… यूपी में कोल्ड स्टोरेज ढहा,बिहार के 3 मजदूरों की मौत:मृतकों में मामा-भांजा भी शामिल; चश्मदीद बोले- धमाका ऐसा था, लगा बम फटा हो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार दोपहर तेज धमाके के बाद आदर्श कोल्ड स्टोरेज की एक बिल्डिंग ढह गई। मलबे में करीब 20 मजदूर दब गए। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई। इनमें तीन सहरसा के रहने वाले हैं, जबकि एक मजदूर प्रयागराज का रहने वाला है। मृतकों में सहरसा के मामा-भांजे भी शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें।