खन्ना में नौकर ने चुराए 80 लाख के गहने:बच्चों ने किया खुलासा; अयोध्या में कोठी बनवा रहा था, आईफोन और ब्रांडेड कपड़े खरीदे

पंजाब के खन्ना में एक इंडस्ट्रियलिस्ट परिवार के घर से 80 लाख के गहने चोरी हो गए। इस मामले में परिवार के भरोसेमंद नौकर ननकू उर्फ पप्पू चौधरी को आरोपी बनाया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस चोरी का खुलासा नौकर के ही बच्चों ने किया है। परिवार ने जांच शुरू की तो सामने आया कि ननकू अयोध्या में कोठी बनवा रहा था। साथ ही उसने महंगे आईफोन खरीद लिए थे और उसके ब्रांडेड कपड़ों पर खर्च भी काफी बढ़ गया था। बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखा था नौकर
यह घटना शहर के सुलेख राम बिल्डिंग में रहने वाले एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंधित है। कोरोना काल के दौरान, परिवार की 65 वर्षीय बुजुर्ग सदस्य सुवेला कंवर की तबीयत खराब होने के कारण उनकी देखभाल के लिए अयोध्या, उत्तर प्रदेश निवासी ननकू उर्फ पप्पू चौधरी को काम पर रखा गया था। घर के हर कोने से परिचित था ननकू
ननकू अपनी पत्नी सपना और बच्चों के साथ परिवार के घर में ही बने एक क्वार्टर में रहता था। धीरे-धीरे उसने परिवार का विश्वास जीत लिया और घर के हर कोने, अलमारियों और गोपनीय बातों से परिचित हो गया। कुछ समय पहले, घर की सफाई के दौरान ननकू को पता चला कि परिवार की बेटी, जो दुबई चली गई थी अपने एक करोड़ रुपये से अधिक के कीमती गहने घर की एक अलमारी में रखकर गई थी। नौकर ने चोरी से किया इनकार
यहीं से ननकू के मन में लालच पैदा हुआ। हाल ही में जब परिवार की बेटी दुबई से लौटी और एक शादी समारोह में जाने के लिए अलमारी खोली, तो उसे अपने गहने गायब मिले। परिवार ने तुरंत ननकू से पूछताछ की, लेकिन उसने चोरी की बात से साफ इनकार कर दिया। अयोध्या में एक बड़ी कोठी बनवा रहा था
इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर जांच शुरू की। इस दौरान कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। ननकू अयोध्या में एक बड़ी कोठी बनवा रहा था। उसने महंगे आईफोन खरीद लिए थे और उसके ब्रांडेड कपड़ों पर खर्च भी काफी बढ़ गया था। नौकर और उसकी पत्नी गिरफ्तार
इन सभी बातों से परिवार का शक यकीन में बदल गया कि चोरी की वारदात को ननकू ने ही अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने नौकर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही चोरी हुए गहनों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *