मुजफ्फरपुर में भोजपुरी सिंगर खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ। ‘बाबू अर्जुन मेले’ में भीड़ अनियंत्रित हो गई। प्राइवेट गार्ड्स को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके जवाब में लोगों ने जमकर पत्थरबाजी की। झड़प में कई लोग घायल हो गए। हंगामा बढ़ने के बाद खेसारी लाल यादव मुंह छिपाकर स्टेज से उतरते दिखे भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव जैसे ही मंच पर पहुंचे लोगों ने हूटिंग शुरू कर दी, और स्टेज पर जूते-चप्पल फेंकने लगे। इस मेले में ही दो दिन पहले भी स्टेज पर ऑर्केस्ट्रा डांसर्स के बीच मारपीट हुई थी। इसका भी वीडियो सामने आया था। इस हंगामे की वजह से आज यानी गुरुवार को अरविंद अकेला कल्लू का कार्यक्रम होना था, जिसे रद्द कर दी गई है। पहले खेसारी के कार्यक्रम में बवाल की तस्वीरें देखिए… सेल्फी लेने के लिए मंच पर चढ़ने लगे लोग दरअसल, औराई विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी के पूर्व विधायक रामसूरत राय मेले का आयोजन करा रहे हैं। बुधवार को भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का प्रोग्राम था। खेसारी लाल यादव ने पशु मेले में पहुंचकर मंच पर जैसे ही गाना शुरू किया, हूटिंग शुरू हो गई। लोग मंच की तरफ बढ़ने लगे। लोग खेसारी के साथ सेल्फी लेना चाहते थे। मेला में तैनात प्राइवेट गार्ड ने लोगों को रोकने की कोशिश की तो दर्शकों और गार्ड्स के बीच मारपीट शुरू हो गई। लोगों ने मंच पर भी पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ते देख खेसारी लाल यादव वहां से निकल गए। पूर्व मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि सब कुछ ठीक था। लोगों की इच्छा थी कि वो मंच पर आकर खेसारी के साथ सेल्फी लें। लोगों ने पुलिस की तीन बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसका बाद कार्यक्रम बंद कर दिया गया। इसी से लोग नाराज हो गए। खेसारी जाने लगे तो आक्रोश बढ़ गया। बाकी पूरी व्यवस्था थी। लोग संख्या से दोगुने हो गए थे। जाम लग गया। पुलिस फिल्ड में थी। 150 की संख्या में जवान थे। बाउंसर भी थे। SSP बोले- आयोजकों ने पूरे इंतजाम नहीं किए मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा, मेले के आयोजन के लिए अनुमति ली गई थी, जिसके आधार पर 150 पुलिसकर्मी, चार थानों के प्रभारी और एक DSP को तैनात किया गया था। हालांकि, SSP ने स्पष्ट रूप से आयोजकों पर अव्यवस्था का आरोप लगाया। स्टेज पर आपस में भिड़ गई थीं ऑर्केस्ट्रा गर्ल्स पूर्व मंत्री के अर्जुन बाबू मेले में यह तीसरी बार झड़प हुई है। इससे पहले एक ऑर्केस्ट्रा गर्ल्स के बीच किसी बात को लेकर स्टेज पर मारपीट हुई थी। पहले कलाकारों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही पलों में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि डांसर एक-दूसरे के बाल खींचते और मारपीट करते नजर आई थीं। इस दौरान मंच पर अफरातफरी का माहौल बन गया, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करते दिखे। ————————- ये खबर भी पढ़ें वैशाली महोत्सव में कल्पना पटवारी के कार्यक्रम में हंगामा:भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कुर्सियां हाथ में लेकर फेंकने लगे लोग वैशाली महोत्सव के दूसरे दिन लोक गायिका कल्पना पटवारी के कार्यक्रम में भारी हंगामा हो गया। भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। कल्पना पटवारी के मंच पर आने के लगभग आधे घंटे बाद ही दर्शकों में उत्साह बढ़ गया और भीड़ अनियंत्रित होने लगी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ लोगों ने कुर्सियां फेंकना शुरू कर दी। पूरी खबर पढ़ें