गंगा पथ पर दीघा गोलंबर के पास प्रस्तावित स्ट्रीट वेंडिंग जोन का प्रस्ताव पूरी तरह बदल दिया गया है। अब गंगा पथ के फुटपाथ वाले हिस्से में ब्रांडेड कंपनियों के ही स्टॉल लगाए जाएंगे। इसे फूड कैफे कहा जाएगा। पटना नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने नए सिरे से तैयारी शुरू की है। गंगा पथ के इस हिस्से में 85 फूड कैफे खोले जाएंगे। जगह और स्टॉल की डिजाइन सबकुछ नया होगा। इसके लिए फूड चेन व रेस्टोरेंट-होटल के क्षेत्र वाली बड़ी कंपनियों को बुलाया जाएगा। जल्द ही टेंडर जारी कर आवेदन लिया जाएगा। पुरानी योजना के तहत पिछले महीने गंगा पथ पर लगाए गए करीब 200 स्ट्रीट वेंडिंग स्टॉल को वहां से हटा दिया गया है। अब यहां सबकुछ नए सिरे से होगा। 1 लाख रुपए हो सकता है किराया : गंगा पथ में पटना स्मार्ट सिटी के फंड से विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी कड़ी में दीघा गोलंबर से आगे वाले हिस्से में फूड कैफे के लिए जगह तैयार की जाएगी। चूंकि पटना स्मार्ट सिटी को अब अपनी कमाई के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने हैं, इसलिए ब्रांडेड कंपनियों से फूड कैफे के लिए मोटी रकम ली जाएगी। बताया गया है कि एक फूड स्टॉल का किराया कम से कम 1 लाख रुपए तक हो सकता है। नए फूड कैफे खुलने के साथ ही यहां लोगों को बैठने के लिए बेंच लगाई जाएगी। पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होगी, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने। वेंडरों की सुविधा को बनेंगे 32 वेंडिंग जोन शहर में स्ट्रीट वेंडरों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने की योजना पर पटना नगर निगम काम कर रहा है। विभिन्न जगहों पर 32 वेंडिंग जोन के लिए जगह चिह्नित की जा रही है। जिन इलाकों में सड़कों पर अतिक्रमण है, उसपर विशेष फोकस है। दीघा गोलंबर के पाथ-वे में दुकान लगाने वाले वेंडरों को नई जगह का विकल्प दिया गया है। पिछले महीने वेंडरों का प्रतिनिधिमंडल डीएम व नगर आयुक्त से भी मिला। वेंडरों को बताया गया है कि अब उन्हें अटल पथ वाले हिस्से में नए वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने की तैयारी है। इस कारण प्रोजेक्ट में बदलाव हुआ स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गंगा पथ में वेंडिंग जोन की योजना बनी थी। टेंडर फाइनल कर 500 में से 200 दुकानें भी बना दी गईं। इन स्टॉलों को गंगा पथ पर रखा जाने लगा। लेकिन अचानक दुकानों के डिजाइन पर सवाल खड़ा कर इसे खारिज कर दिया गया। ट्रैफिक जाम और साफ-सफाई की चुनौती को समझते हुए पुरानी प्लानिंग बदल दी गई। अफसरों का मानना है कि बड़ी फूड चेन कंपनियां हाइजीन के साथ ही साफ-सफाई का बेहतर प्रबंध करेंगी, क्योंकि इनपर नियम-शर्तों का कड़ाई से पालन करने का अनुबंध होगा।
45 दिनों में पुराने वेंडरों को नई जगह शिफ्ट करने की तैयारी पहले से प्रस्तावित वेंडिंग जोन को अब दीघा गोलंबर के पास अटल पथ वाले हिस्से में खाली जगह (जहां खटाल का अतिक्रमण है) में बनाया जाएगा। यहां तक पहुंचने के लिए फुट ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा। निगम प्रशासन ने दीघा गोलंबर के पास वाले स्ट्रीट वेंडरों को फिलहाल नीचे गंगा किनारे वाले हिस्से में शिफ्ट किया है। जबकि अटल पथ वाले हिस्से में 45 दिन के अंदर सभी सुविधाओं को विकसित करने की बात कही गई है। लेकिन यहां निर्माण कार्य काफी धीमा चल रहा है। इसके चलते 200 से अधिक वेंडरों की परेशानी बढ़ गई है। वेंडर अब अपनी मांगों को लेकर उच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रहे हैं।