संगरूर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गंडासे से काटकर हत्या कर दी। पत्नी को पीटने और गंडासे से काटने का उसने वीडियो भी शूट किया, जिसे बाद में उसने सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसमें दिख रहा है कि उसने महिला की गर्दन पर 3 बार गंडासा मारा। मारने के बाद आरोपी पति वीडियो में कह रहा है- यह पड़ी है कटी हुई। मैंने मारी है। यह पड़ा है गंडासा। बड़ी बात यह है कि पत्नी को मारने के बाद आरोपी पति सीधे थाने पहुंच गया और खुद को पत्नी का हत्यारा बताकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है। पुलिस कार्रवाई के 2 PHOTOS… 3 बच्चों की मां थी महिला यह वारदात मंगलवार शाम को पंजाब के संगरूर जिले के लहरा क्षेत्र में गांव खंडेबाग में हुई। पुलिस के अनुसार, गांव के निवासी कुलदीप सिंह ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी हरकीरत कौर उर्फ गीतू की हत्या की। हत्या के बाद कुलदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी कुलदीप सिंह खुद लहरागागा पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध कबूल करते हुए सरेंडर कर दिया। हरकीरत कौर 3 बच्चों की मां थी। उसके 2 बेटियां और एक 6 साल का बेटा है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले का पता लगाने की कोशिश कर रही है। डीएसपी बोले- पत्नी के चरित्र पर शक करता था आरोपी लहरागागा के डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस इस मामले में घरेलू विवाद और नाजायज संबंधों के एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा है। उन्होंने कहा कि महिला का शव बेडरूम में खून से लथपथ हालत में मिला है। चेहरे और गर्दन पर कट हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। हालांकि, यह अभी जांच का विषय है। शूट किए वीडियो में क्या दिख रहा… पहले से खून में लथपथ दिखी महिला: आरोपी पति की ओर से सोशल मीडिया पर अपलोड किए वीडियो में दिख रहा है कि उसने पत्नी को मार-पीटकर जमीन पर गिराया हुआ है। वह पहले से खून से लथपथ है। उसके गले से खून चल रहा है और चेहरे भी खून से सना हुआ है। इसके बाद पति उसके गले पर गंडासे से वार करता है। गला कटा तो चीख भी नहीं सकी: पहले वार के बाद खून से लथपथ पड़ी पत्नी गले पर हाथ रखकर खुद को बचाने की कोशिश करती है। वह चीखने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी चीखें नहीं निकल रहीं। गला कटने की वजह से आवाज बंद हो चुकी है। इसके बाद आरोपी गंडासे से ही पत्नी का हाथ गले से हटाता है और फिर गले पर ही दूसरा वार करता है। तीसरे वार में जान निकली: यही क्रूरता पति फिर से दोहराता है। पत्नी गले पर हाथ रखती है तो पति फिर से गंडासे के सहारे उसका हाथ हटाता है और फिर तीसरा वार भी सीधे गले पर करता है। इस बार महिला के गले के पास से खून तेज धार निकलती है। इसी के साथ महिला की बॉडी में हलचल भी बंद हो जाती है। कैमरे में खुद का जुर्म कबूला: इस सीन को दीवार के सहारे टिकाकर जमीन पर रखे गए मोबाइल के कैमरे में शूट किया गया। पत्नी की हलचल बंद होने के बाद पति मोबाइल को हाथ में लेता है और पत्नी को दिखाते हुए कहता है- यह पड़ी है कटी हुई। आरोपी कुलदीप कैमरे को अपनी ओर घुमाकर कहता है, “मैंने मारी है।” इसके बाद उसने कैमरा उस गंडासे की ओर किया, जिससे उसने इस वारदात को अंजाम दिया। कहता है, “यह पड़ा है गंडासा।”