सात निश्चय-3 के तहत गन्ना आधारित उद्योगों की स्थापना, गन्ना विकास और क्षेत्र विस्तार के लिए गन्ना उद्योग विभाग और राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड, नई दिल्ली के बीच एमओयू पर पटना में हस्ताक्षर हुए। समारोह की अध्यक्षता गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने की। एमओयू पर संयुक्त ईखायुक्त जयप्रकाश नारायण सिंह और एनएफसीएसएफ के प्रबंध निदेशक प्रकाश नायकनावरे ने हस्ताक्षर किए। मंत्री संजय कुमार ने कहा कि बिहार को गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है। किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य में गन्ना उत्पादन बढ़ाया जाए। इस पहल से कम उत्पादकता, बंद पड़ी मिलों और तकनीक के सीमित उपयोग जैसी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि तकनीकी सहयोग से उन्नत किस्में, आधुनिक खेती, सिंचाई, पोषण, कीट प्रबंधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ेगा। अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने कहा कि बंद मिलों को खोलने और नई मिलें स्थापित करने की दिशा में काम तेज है। एनएफसीएसएफ के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटिल ने कहा कि सकरी और रैयाम चीनी मिल की डीपीआर बनाई जा रही है। बिहार में चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए उत्पादन बढ़ाना होगा। इसमें एआई का उपयोग बढ़ाया जाएगा। संघ हर संभव सहयोग करेगा।