गयाजी के शेरघाटी में देर रात अपराधियों में वार्ड सदस्य महिला और उसके पति की हत्या कर दी। दोनों का गला रेता गया है। पति-पत्नी फसल की रखवाली के लिए बधार में झोपड़ी में सो रहे थे। मृतका केशरी देवी (48) वार्ड नंबर 1 से वार्ड सदस्य थीं। पति का नाम प्रदीप यादव (57) है। घटना चांपि गांव की है। एक साथ पति-पत्नी की हत्या से गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। दंपती गुरुवार की रात खाना खाकर घर से खेत पर सोने आए थे। शुक्रवार सुबह जब दोनों ने फोन नहीं उठाया तो परिवार के लोग खेत पहुंचे और डबल मर्डर का खुलासा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद, पुरानी रंजिश जैसे अलग-अलग पहलु से मामले की पड़ताल की जा रही है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम बेटे ने कई बार कॉल किया, फोन रिसीव नहीं हुआ बेटे रवि कुमार ने बताया, शुक्रवार सुबह मैंने कई बार अपने पिताजी को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका से डर गया। भागे-भागे बधार की ओर निकला। वहां पहुंचते ही मेरे होश उड़ गए। खेत के पास मेरे माता-पिता के शव पड़े थे। दोनों का गला रेता गया था। यह सब देखकर परिवार के लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बेटी बोली- खेत को लेकर विवाद था हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आपसी रंजिश, भूमि विवाद और अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। केशरी देवी के वार्ड सदस्य होने के कारण पंचायत स्तर पर भी कई एंगल खंगाले जा रहे हैं। वारदात के बाद से चांपि गांव में सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, बेटी रिंकी कुमारी ने बताया कि जिस खेत की रखवाली के लिए माता-पिता आए थे, उसी को लेकर विवाद था। धारदार हथियार से हत्या की गई ग्रामीणों ने तत्काल शेरघाटी थाना को सूचना दी। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष मोहन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिए जाने की आशंका है। थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और स्पेशल टीम को लगाया गया है। तकनीकी साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं। गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।