गयाजी में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे के आसार के बीच शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है। अब गया समेत पूरे राज्य में सरकारी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। 6 अप्रैल से सभी प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था 31 मई तक, यानी ग्रीष्मावकाश से पहले तक लागू रहेगी। नया टाइम टेबल लागू किया जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि नया टाइम टेबल लागू कर दिया गया है। सभी स्कूलों को सख्ती से पालन करने का निर्देश भी दिया गया है। इसके पीछे के मूल उद्देश्य बच्चों को तेज गर्मी से बचाना और पढ़ाई को भी प्रभावित नहीं होने देना है। नई समय-सारणी के तहत सुबह 6:30 बजे स्कूल खुलेगा। पहले आधे घंटे प्रार्थना और अन्य गतिविधियां होंगी। इसके बाद 7 बजे से क्लास शुरू हो जाएगी। कुल सात पीरियड चलेंगे। हर पीरियड 40 मिनट का होगा। दोपहर 12:20 बजे तक बच्चों की छुट्टी हो जाएगी। इसके बाद 10 मिनट तक शिक्षकों की समीक्षा बैठक होगी। मध्याह्न भोजन को लेकर भी विभाग ने लचीलापन दिया है। जिन स्कूलों में बच्चों की संख्या ज्यादा है। वहां एक साथ भोजन कराना जरूरी नहीं है। ऐसे स्कूलों में दो चरणों में मिड-डे मील कराया जा सकेगा। आधे बच्चे मध्यांतर में खाना खाएंगे, जबकि बाकी को तीसरी या चौथी घंटी में भोजन मिलेगा। इस दौरान बाकी बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी। स्कूलों के लिए अलग व्यवस्था रखी दो शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों के लिए अलग व्यवस्था रखी गई है। ऐसे स्कूलों में समय तय करने का अधिकार जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया है। वे स्थानीय मौसम और परिस्थितियों के अनुसार समय तय करेंगे। साथ ही, संभावित लू को देखते हुए जिलाधिकारियों को भी विशेष अधिकार मिला है। जरूरत पड़ने पर वे स्कूल के समय में बदलाव कर सकते हैं। यानी अगर गर्मी और बढ़ती है तो और सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं। शिक्षा विभाग का साफ निर्देश है कि पठन-पाठन में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। स्कूल समय भले बदला है, लेकिन पढ़ाई पूरी गुणवत्ता के साथ जारी रहेगी। गर्मी से राहत और पढ़ाई के संतुलन को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।