गयाजी में परीक्षा देने आए 2 छात्रों को रौंदा:आरा में दो दोस्तों की गई जान; बिहार में सड़क हादसे में 6 मौतें, 5 गंभीर

बिहार के 3 अलग-अलग जिलों में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। 5 गंभीर रूप से घायल हैं। ताजा मामला गयाजी से है, जहां सिविल कोर्ट अटेंडेंट की परीक्षा देने आए 2 छात्रों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भोजपुर में अनियंत्रित कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों की हालत नाजुक है। बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना पीरो थाना क्षेत्र के तिवारीडीह ओवरब्रिज के पास की है। इधर, जमुई में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो करीब 20 फीट आगे घसीटाते हुए सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। सड़क हादसे की पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़िए… गयाजी- सिविल कोर्ट अटेंडेंट का एग्जाम देने आए छात्रों को ट्रैक्टर ने रौंदा गयाजी में सिविल कोर्ट अटेंडेंट का एग्जाम देने आए 3 छात्रों को ट्रक ने रौंदा। मृतक की पहचान भोजपुर के भसडरा निवासी आशुतोष कुमार(25) और मुजफ्फरपुर के रमेश कुमार(27) के तौर पर हुई है। आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। स्थानीय निवासी जीतन साह ने बताया, ‘दोनों छात्र एग्जाम सेंटर का पता कर रहे थे। इस बीच अचानक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर ने पहले ठेले में टक्कर मारी, फिर पास खड़े दोनों युवकों को रौंद दिया। ठेले पर खाने पीने का सामान तैयार किया जा रहा था। सारा सामान भी बर्बाद हो गया।’ जीतन साह कहना है कि ड्राइवर नशे की हालत में था। टक्कर मारने के बाद सड़क पर लेट गया। मामले की सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेजा गया है। हादसे की 3 तस्वीरें… आरा- खड़ी ट्रक से टकराई कार, 2 दोस्तों की मौत, 5 गंभीर आरा में शनिवार रात अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के गौडाढ़ निवासी मनीष भट्ट (27) और तरारी थाना क्षेत्र के बगसांडा गांव निवासी लव कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान तरारी के बगसांडा गांव के राजू कुमार, सोनू शर्मा (22), आशीष कुमार (22), नीरज कुमार (21) और हरी ओम शर्मा (23) के रूप में की गई है। बहन को बस स्टैंड छोड़ने के बाद यज्ञ देखने गए थे मृतक मनीष के पिता सुशील भट्ट ने बताया, “मनीष अपनी बहन अंजनी कुमारी को उसके ससुराल टाटा जाने के लिए बस पर बैठाने पीरो बस स्टैंड आया था। बहन को छोड़ने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ कार से कहीं निकल गया। उसने फोन पर अपनी मां को बताया था कि आने में थोड़ा समय लगेगा। कुछ देर बाद ही हादसे की सूचना मिल गई।” वहीं घायल हरी ओम ने बताया, “तिवारीडीह गांव में यज्ञ हो रहा था। यज्ञ में सभी लोग माला चढ़ाने के लिए गए हुए थे। हम लोग तिवारीडीह से फतेहपुर की ओर जा रहे थे। तभी रात के अंधेरे में अचानक एक व्यक्ति सड़क के बीच में आ गया। उसे बचाने के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।” टक्कर के बाद किसी को कुछ होश नहीं रहा घायलों के अनुसार. कार मनीष भट्ट चला रहा था। हादसे के दौरान सभी की आंखों के सामने अंधेरा छा गया। जब होश आया तो देखा कि सभी लोग इधर-उधर गिरे पड़े थे। किसी को ठीक से कुछ समझ नहीं आ रहा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मनीष तीन भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। परिवार में मां बिमला देवी और बुजुर्ग पिता हैं। वहीं लव कुमार दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घर में मां संगीता देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जमुई- सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चौड़ीहा निवासी सौदागर पासवान (26) और प्रदीप पासवान (27) के रूप में हुई है। हादसे के समय ड्राइवर कार से बाहर था, जिससे उसकी जान बच गई। मृतक सौदागर पासवान के पिता सूरज पासवान ने बताया कि उनके बेटे की शादी आगामी 26 अप्रैल को तय थी। सौदागर सिकंदरा प्रखंड क्षेत्र के महादेव सिमरिया निवासी रूपेश सिंह के यहां काम करता था। हादसे की तस्वीरें…. टॉयलेट के लिए गया था चालक सूरज पासवान के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 11 बजे स्कॉर्पियो पर सवार चार लोग पानी की बोतल पहुंचाने के लिए जमुई जा रहे थे। ढूंढो गांव के पास ड्राइवर टॉयलेट के लिए नीचे उतरा। इसी दौरान सिकंदरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेज दिया। टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *