बेगूसराय में 30 मार्च को वॉलीबॉल के नेशनल प्लेयर गोविंद कुमार (30) को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। इस मामले में बेगूसराय पुलिस की DIU और एसटीएफ की टीम ने मुरारी कुमार को असम से गिरफ्तार किया है। हालांकि, सुपारी देने वाले और गोली चलाने में शामिल तीन आरोपी अब भी फरार हैं, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। DSP आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद का एक लड़की से अफेयर चल रहा है। उस लड़की को पचंबा गांव के रहने वाले भूपेंद्र कुमार पसंद करता है। इसको लेकर पिछले दिनों गोविंद और भूपेंद्र के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इस विवाद के बाद भूपेंद्र ने गोविंद की हत्या के लिए शूटर्स को 4 लाख रुपए की सुपारी दी। दरभंगा में ज्वेलरी लूटकांड और तेघड़ा बैंक लूट में शामिल मंगल सिंह ने सुपारी लेकर गोली मारी थी। DSP ने बताया कि ज्वेलरी शॉप लूटकांड के बाद एसटीएफ के साथ आरोपियों की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान मंगल सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार मंगल सिंह ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद की हत्या के लिए भी सुपारी ली थी। उसने पूरी घटना का खुलासा किया। इसके बाद एक आरोपी मुरारी को असम से गिरफ्तार किया है। गर्लफ्रेंड को लेकर झगड़ा और मारपीट हुई थी सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि वॉलीबॉल के नेशनल प्लेयर गोविंद कुमार और पचंबा गांव के रहने वाले भूपेंद्र कुमार के बीच गर्लफ्रेंड को लेकर झगड़ा और मारपीट हुई थी। इस दौरान भूपेंद्र ने देख लेने की धमकी दी गई थी। गोविंद की हत्या करवाने के लिए भूपेंद्र कुमार ने प्रिंस कुमार से संपर्क किया। फिर प्रिंस ने अपने चचेरे भाई मंगल सिंह से संपर्क किया और 4 लाख रुपए में हत्याकांड को अंजाम देने की डील हुई। रेकी की जिम्मेदारी प्रिंस को दी गई DSP ने बताया कि प्रिंस कुमार ने गोविंद की रेकी की। प्रिंस लगातार गोविंद के मूवमेंट को ट्रैक किया। इसके बाद 30 मार्च को घटना को अंजाम देने की तैयारी की गई। फिर घटना के दिन सुबह 8 बजे से ही गोविंद का मूवमेंट ट्रैक करते हुए मंगल को सूचना दी गई। इसके बाद दोपहर में हर हर महादेव चौक से गोविंद आगे बढ़ा, तभी बाइक सवार बदमाशों ने ममता होटल के सामने गोविंद को गोली मार दी। बाइक मुरारी कुमार चला रहा था, जबकि मंगल सिंह बीच में बैठा और शिवम कुमार पीछे बैठा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी के निर्देश पर सदर-वन डीएसपी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। चार दिनों तक सीसीटीवी खंगाल रही थी पुलिस SIT की टीम चार दिनों तक पूरे क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इसी दौरान दरभंगा में ज्वेलरी लूट मामले में एनकाउंटर के बाद मंगल सिंह गिरफ्तार किया गया। दरभंगा से एक बाइक बरामद किया गया। इसके बाद बेगूसराय पुलिस ने मंगल सिंह से पूछताछ की और उसके निशानदेही पर पुलिस असम पहुंची और इनियार गांव के रहने वाले मुरारी सिंह को गिरफ्तार किया। हालांकि, सुपारी देने वाले भूपेंद्र कुमार, सुपारी दिलवाने वाले प्रिंस कुमार और गोली चलाने वाले शिवम कुमार फरार है, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जा रही है। पटना में चल रहा है घायल खिलाड़ी का इलाज घटना के बाद घायल खिलाड़ी को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। यहां उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि गोली अब भी फंसी हुई है।
बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया था बीए पार्ट-वन के छात्र गोविंद कुमार ने साल 2021 में 43वीं सब-जूनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद 2022, 2023 और 2024 में लगातार नेशनल गेम्स में बिहार का प्रतिनिधित्व करते रहे। उन्होंने खेलो इंडिया गेम्स में भी भागीदारी की। वर्ष 2025 में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में गोविंद को बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया। कप्तान के रूप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। इसी साल वाराणसी में आयोजित नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भी गोविंद ने अपने खेल से दर्शकों और चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया।