गिद्धौर में शांति समिति की बैठक:होली-रमजान पर अभद्र गानों पर पाबंदी, शांति बनाए रखने की अपील

गिद्धौर थाना परिसर में होली पर्व और रमजान को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सुनील कुमार ने की, जबकि प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह की देखरेख में यह संपन्न हुई। इसमें प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक के दौरान, संबंधित अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों से पर्व को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने और विधि व्यवस्था बनाए रखने पर विचार-विमर्श किया। बीडीओ सुनील कुमार ने उपस्थित सदस्यों से कहा कि होली और रमजान सामाजिक समरसता के पर्व हैं, और इन्हें आपसी भाईचारे के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, होली पर्व पर डीजे बजाने और अश्लील गाने चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पर्व के दौरान सामाजिक गरिमा बनाए रखने और किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान पुलिस बल द्वारा समय-समय पर गश्त की मांग की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली और रमजान के दौरान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले हुड़दंगियों पर कड़ा रुख अख्तियार किया जाएगा। बैठक में पूर्व प्रमुख शंभु कुमार केशरी ने गिद्धौर में असामाजिक तत्वों और अपराध नियंत्रण को बेहतर बनाने के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की मांग बीडीओ सुनील कुमार से की। इस अवसर पर बीडीओ सुनील कुमार, थानाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह, अवर निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, समाजसेवी शंभु यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष गुरुदत्त प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष राजीव कुमार पिंकू, पूर्व मुखिया नारायण यादव, राहुल सिंह, गौरी पासवान, मुखिया रामाशीष साह, मिथिलेश यदुवंशी, मोहम्मद नियाज खान, मोहम्मद असगर, दिलीप कुमार वर्मा, चंदन मोदी, गोरेलाल यादव, मुखिया भोला यादव, रामबचन पासवान, मोहम्मद शाहिद, राजा कुमार सहित दर्जनों शांति समिति सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *