गुप्त सूचना पर SIU ऊना ने पकड़ा चिट्टा:बसदेहड़ा में 10.28 ग्राम चिट्टे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

ऊना जिले के बसदेहड़ा में पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) ने शनिवार देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में बसदेहड़ा निवासी विजेंद्र नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। SIU ऊना को गुप्त सूचना मिली थी कि विजेंद्र नामक युवक नशे का कारोबार कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बसदेहड़ा स्थित मोनी बाबा मंदिर के पास विजेंद्र पुत्र अशोक कुमार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.28 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि चिट्टे के स्रोत और अन्य संबंधित कड़ियों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और जिले में नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। एसपी हिरेमठ ने जनता से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें। उन्होंने नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करने और अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में मदद करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *