गुरदासपुर के गोहत पोखर गांव निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जेपी (33) का अमेरिका में निधन हो गया। 7 फरवरी को एक सड़क हादसे के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें दूसरा दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह लगभग आठ साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका गए थे। वहां उन्होंने अपनी मेहनत से अपना व्यवसाय स्थापित किया था और उबर ड्राइवर के रूप में भी काम कर रहे थे। मृतक के पिता गुरबख्श सिंह, जीजा शरणजीत सिंह सनी, दादा कुलदीप सिंह और मामा संतोख सिंह ने बताया कि 7 फरवरी को गुरप्रीत सिंह सवारियों को उनकी मंजिल पर पहुंचाने जा रहे थे। ड्राइव के दौरान पड़ा दिल का दौरा इसी दौरान कार चलाते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी कार सड़क पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वह एक-दो दिन में घर लौट आएंगे। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान ही उन्हें दूसरा दिल का दौरा पड़ा, जो जानलेवा साबित हुआ। गुरप्रीत की पत्नी और दो छोटे बच्चे भी उनके साथ अमेरिका में ही रहते हैं। उनकी बहन और ससुराल वाले भी वहीं मौजूद हैं। गुरप्रीत के जीजा शरणजीत सिंह ने बताया कि गुरप्रीत एक प्रतिभाशाली और विनम्र नौजवान थे, जिन्होंने अपनी मेहनत से एक अच्छा व्यवसाय खड़ा किया था। उनके निधन से गांव गोहत पोखर में शोक का माहौल है।