गुरदासपुर में नहर में 15 साल का बच्चा डूब गया और लापता हो गया। बच्चे का नाम सागर है, जो कंग गांव का रहने वाला है। घटना कस्बा धारीवाल की है। वह देर शाम अपने दोस्तों के साथ लोहे के पुल के पास नहाने गया था। पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने गांव के सरपंच, पंचायत सदस्यों और पुलिस प्रशासन से संपर्क किया। प्रशासन ने तुरंत नहर में पानी का स्तर कम करवाया। राजीव गांधी कॉलोनी के पेशेवर गोताखोर युवकों ने सागर की तलाश शुरू की। कई घंटों की मशक्कत के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। सागर की बड़ी बहन शिखा और चाचा मदन लाल ने बताया कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता की हालत इतनी खराब है कि वे बात भी नहीं कर पा रहे हैं। चाचा ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को नहर में नहाने से रोकें। गोताखोर मनीष का मानना है कि सागर तेज धारा में बह गया है। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि तैरना आए या न आए, नहर में नहाने न जाएं। नहर बहुत गहरी है और इसका पानी कुछ ही सेकेंड में किसी को भी बहा सकता है। परिजनों ने समाजसेवी संस्थाओं और प्रशासन से सागर की तलाश में मदद की गुहार लगाई है।