गुरदासपुर में पुलिसकर्मियों की हत्या का दूसरा आरोपी गिरफ्तार:सांसद रंधावा व नेता प्रतिपक्ष ने की एनकाउंटर उच्चस्तरीय जांच की मांग, बोले- सच्चाई सामने आनी चाहिए

गुरदासपुर के आदियां गांव स्थित पुलिस चौकी में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी इंद्रजीत सिंह को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले 25 फरवरी को मुख्य आरोपी रणजीत सिंह का पुलिस मुठभेड़ में मारा जाना बताया गया था। कुछ दिन पहले आदियां गांव की पुलिस चौकी के भीतर दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया, जबकि अब दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुखजिंदर रंधाावा ने केंद्रीय जांच की मांग की गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah को पत्र लिखकर मामले की जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की है। उन्होंने इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक बताते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा की उच्च स्तरीय समीक्षा की आवश्यकता जताई। रंधावा ने कहा कि निष्पक्ष और समयबद्ध जांच से सच्चाई सामने आएगी, शहीद पुलिसकर्मियों को न्याय मिलेगा और लोगों का भरोसा बहाल होगा। प्रताप सिंह बाजवा ने हाईकोर्ट से हस्तक्षेप की अपील की पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से कथित मुठभेड़ का स्वत: संज्ञान लेने और स्वतंत्र जांच के आदेश देने की मांग की है। उन्होंने रणजीत सिंह के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बाजवा ने कहा कि परिवार द्वारा उठाए गए सवाल गंभीर हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। बाजवा के प्रमुख आरोप और मांगें केंद्र की भी जिम्मेदारी: उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 50 किलोमीटर का क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए जवाबदेही केंद्र और राज्य दोनों की बनती है। पोस्टमार्टम बाहर कराया जाए: परिवार की मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम पीजीआई चंडीगढ़ या एम्स दिल्ली में कराया जाए, ताकि निष्पक्षता बनी रहे। स्वतंत्र एजेंसी से जांच: उन्होंने सुझाव दिया कि जांच उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में या केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जाए। भूमिका स्पष्ट हो: उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि रणजीत सिंह और अन्य आरोपी पुलिसकर्मियों की हत्या में किस हद तक शामिल थे। कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा बाजवा ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब के इतिहास में अशांति के दौर रहे हैं और ऐसी घटनाओं से जनता का भरोसा कमजोर होता है। फिलहाल पुलिस ने दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच आगे बढ़ा दी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *