गुरदासपुर जिले के नवां पिंड झावर के पास एक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बता दे कि यह हादसा तेज रफ्तार मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली और मोटरसाइकिल की टक्कर से हुआ। इस घटना में मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दे कि मृतकों की पहचान मनप्रीत (11) और हरप्रीत (10) के रूप में हुई है। थाना तिब्बड़ पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने किया प्रदर्शन बता दे कि हादसे के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे बब्बरी बाइपास पर धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।करीब एक घंटे के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्वजनों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। ड्राइंग की परीक्षा के लिए कलर लेने आए थे झावर निवासी रिंपू ने बताया कि मनप्रीत और हरप्रीत की परीक्षाएं चल रही थीं। दोनों बच्चे ड्राइंग की परीक्षा के लिए नए कलर लेने की जिद कर रहे थे। इसी कारण मनजिंदर कुमार उन्हें मोटरसाइकिल पर लेकर पास की दुकान से कलर लेने निकले थे, तभी यह हादसा हुआ।इस दौरान दोनों बच्चे ट्राली के टायर के नीचे आ गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनजिंदर कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बब्बरी बाइपास पर दिया धरना हादसे के बाद ट्राली ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं गुस्साए स्वजनों ने बब्बरी बाइपास पर धरना लगा दिया। धरने की सूचना मिलते ही थाना सदर के प्रभारी अमनदीप सिंह और थाना तिब्बड़ की प्रभारी किरणदीप कौर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने धरनाकारियों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस के समझाने पर शांत हुआ मामला पुलिस ने उन्हें बताया कि आरोपित बलविंदर सिंह निवासी झावर और बाबी मसीह निवासी बाजेचक्क के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के समझाने के बाद स्वजनों ने करीब एक घंटे के बाद धरना समाप्त कर दिया।