गुरुग्राम जिले में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर कार पलट गई। संयोग से दोनों घटनाओं में ड्राइवर बाल-बाल बच गए और उन्हें केवल हल्की चोटें आईं। वहीं एक अन्य हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पहला हादसा बजघेड़ा टोल प्लाजा पर सुबह करीब साढ़े 8 बजे हुआ। जहां एक कार अनियंत्रित होकर टोल लेन में पलट गई। गाड़ी पलटते ही टोलकर्मी और राहगीरों ने अंदर फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला। ड्राइवर को चोट आई थी, जिसे पास के अस्पताल में एंबुलेंस से भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार लेन बदलने की कोशिश में ड्राइवर ने तेज रफ्तार कार से संतुलन खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। दूसरी कार में टक्कर मार कर पलटी कार दूसरा हादसा भी द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां एक कार ने दूसरी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाली कार पलट गई और सड़क पर उल्टी हो गई। वीडियो फुटेज में कार के पलटते हुए कई चक्कर लगाते दिखाई दिए। बाल-बाल बचे ड्राइवर हालांकि, दोनों वाहनों के ड्राइवर सुरक्षित रहे और उन्हें मामूली चोटें आईं। उन्होंने खुद को संभाल लिया और पुलिस को सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन से हटाया और ट्रैफिक बहाल किया। द्वारका एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसे द्वारका एक्सप्रेसवे आरडब्ल्यूए प्रेजीडेंट यशीश यादव का कहना है कि यह हाईस्पीड एक्सप्रेसवे हैं, लेकिन यहां ड्राइवर तय स्पीड से भी ज्यादा स्पीड से कार चलाते हैं। ओवरस्पीडिंग, लापरवाही और अचानक लेन बदलना हादसों का कारण बन रहे हैं। हाल के महीनों में यहां कई हादसे हो चुके हैं। तय स्पीड में कार चलाने की अपील पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में रैश ड्राइविंग की जांच की जा रही है। ड्राइवरों के खिलाफ चालान जारी किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने ड्राइवरों से अपील की है कि स्पीड लिमिट का पालन करें, सीट बेल्ट लगाएं और मोबाइल फोन का इस्तेमाल ड्राइविंग के दौरान न करें। हादसे में पति की मौत, पत्नी जख्मी वहीं सोहना एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर एक बाइक सवार की मौत हो गई है। गांव गोपालपुर, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) मालती अपने पति सीताराम तिवारी के गली नंबर 3 देव नगर पार्ट-1 भोंडसी में रहती है। उसने बताया कि वह अपने पति सीताराम तिवारी के साथ बाइक पर सोहना दवाई लेने जा रही थी। जब वे घामडोज टोल टैक्स से आगे फ्लाईओवर से गांव अलीपुर कट के पास पहुंचे तो एक कैन्टर ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी। जिससे बाइक डिवाइडर के पास जा लगी। कैन्टर चालक मौका पर एक बार रुका फिर भागने लगा, तो एक स्वीपर का काम वाले ने उसे रोक लिया। हादसे में उसके पति की मौत हो गई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।