गुरुग्राम में सेक्टर-15 के पास झाड़सा चौक पर आधी रात के समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार युवक 10 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा। हेलमेट नहीं होने की वजह से युवक का सिर फट गया। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी को मौके से हटाया और नंबर प्लेट के आधार पर मालिक से बात की। सुबह स्कूटी मालिक ने पुलिस के पास पहुंचकर युवक की पहचान की। मृतक यश चौधरी की उम्र 21 वर्ष और वह हीरा नगर का रहने वाला है। सिर और शरीर पर गंभीर चोट प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर काले रंग की स्कूटी पर सवार झाड़सा चौक से निकल रहा था। इसी दौरान पीछे से एक ट्रक आया और सीधे स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसके कारण वह उछला और ट्रक के आगे गिर गया। बताया जा रहा है कि ट्रक का पहिया भी उसके ऊपर से निकला है। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे में स्कूटी चालक को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हेलमेट होता तो बच जाती जान मौके से गुजर रहे एक जोमेटो डिलीवरी बॉय ने बताया कि हादसे में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिसके कारण सिर पर काफी गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ब्लिंकिट एंबुलेंस बुलाई, जिससे घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान के प्रयास झाड़सा चौकी के जांच अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा ने बताया कि स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क किया गया था। मालिक के पहुंचने के बाद ही मृतक की पहचान हो सकी। मृतक की उम्र करीब 21 वर्ष है।शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस जांच कर रही उन्होंने बताया कि झाड़सा चौक के पास सीसीटीवी लगे हुए हैं। उनकी फुटेज निकलवाई जाएगी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जाएंगे। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का कारण बनने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हेलमेट का प्रयोग करने की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया ड्राइवर हेलमेट का प्रयोग करें और सुरक्षित सबसे लेफ्ट साइड में चले। हेलमेट की वजह से सिर में चोट से बचाव होता है। अधिकतर हादसों में सिर की गंभीर चोट मौत की वजह बनती है।