हरियाणा के गुरुग्राम में सगाई समारोह में एक युवक का मर्डर कर दिया गया। दूल्हे और उसके दो साथियों ने युवक को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारी। अचानक हुए इस हत्याकांड से सगाई समारोह में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद दूल्हा और उसके दोनों साथी वहां से फरार हो गए। इसके बाद खून से लथपथ युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और समारोह में आए लोगों से जानकारी जुटाई। इस मामले में मृतक के ससुर की शिकायत पर दूल्हे अमनदीप समेत 3 पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक युवक यूपी के मथुरा का रहने वाला था और शादी समारोह में लाइटिंग लगाने का काम करता था। लाइटिंग पसंद न आने पर दूल्हे ने इलेक्ट्रिशियन को गोली मारी है। फिलहाल, अपराध शाखा फर्रखनगर की पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूल्हा और उसका दूसरा साथी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। उधर, दूल्हे के फरार होने से उसकी शादी भी अटक गई है। अब सिलसिलेवार पढ़ें…कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम यूपी का रहने वाला, लाइटिंग करने का काम था : पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 23 साल के बरकत निवासी मथुरा, यूपी के रूप में हुई। उसके ससुर हाशिम ने बताया कि उनका दामाद बरकत मथुरा के गांव अलीपुर बरोठ निवासी मुस्तफा के साथ एक साल से काम कर रहा था। गुरुग्राम के पटौदी के गांव खेतीयावास निवासी विकास का श्री श्याम टैंट हाउस है। विकास के साथ ही बरकत काम करता था। सुबह से शादी वाले घर में लाइटिंग करने में जुटा था: श्याम टैंट हाउस के संचालक विकास ने बताया कि उसने गांव रणसीका में रामानंद के बेटे अमनदीप की लगन सगाई प्रोग्राम में टैन्ट लगाने का ठेका लिया था। विकास ने ही बरकत को यहां लाइट लगाने का काम दिया था। गुरुवार को सुबह 11:30 बजे से बरकत, मुस्तफा और नूंह का युसूफ लाइटिंग करने में जुटे थे, क्योंकि रात को लगन-सगाई का कार्यक्रम था। समारोह में लाइटिंग जलनी बंद हुई तो दूल्हा भड़का: ससुर हासिम की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि समाई समारोह के समय रात करीब 9:27 बजे एक LED लाइट जलने में दिक्कत आ गई थी। इस पर दूल्हे अमनदीप, साहिल और एक अन्य लड़के ने मुस्तफा, यूसुफ, बरकत को गालियां देना शुरू कर दिया। तीनों के साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने कहा कि तुम्हें गलत लाइट लगाने का मजा चखाएंगे। तीन बच्चों का पिता था बरकत, इकलौता कमाने वाला
बरकत की मौत से उसके परिवार में गम का माहौल है। पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे जीजा सैकुल ने बताया कि बरकत तीन बच्चों का पिता था। अपने परिवार को वहीं इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एक आरोपी गिरफ्तार, बोला- गलती से चली गोली
उधर, मामले की जानकारी देते पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि अपराध शाखा फर्रखनगर की पुलिस टीम ने एक आरोपी हर्ष (21) निवासी बसई, जिला गुरुग्राम को अरेस्ट किया है। आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला कि शादी में फोटो कराते वक्त उसके चाचा ने अपना लाइसेंसी पिस्टल (डोगा) मुझे पकड़ाया था, जो मेज पर रख दिया। पिस्टल (डोगा) को उठाते वक्त गलती से गोली चल गई, जो बरकत को लग गई। ————— ये खबर भी पढ़ें… फतेहाबाद में सुसाइड से पहले बनाई VIDEO, बोला-गर्लफ्रेंड जिम्मेदार:भाई-भाभी शव को न छुएं; बैकग्राउंड में गाना लगाया- दिल से दुआ करना, हमारी मौत हो जाए फतेहाबाद में एक युवक ने सोशल मीडिया पर 3 वीडियो पोस्ट कर सुसाइड कर लिया। एक वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि इस कदम को उठाने के पीछे उसके भाई-भाभी और भाभी की बहन जिम्मेदार है। (पूरी खबर पढें)