गुरुग्राम पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया है। यह कार्रवाई अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर अंकुश लगाने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजय उर्फ संजू निवासी गांव कासन, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ बेचने की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसके विरुद्ध अवैध मादक पदार्थ बेचने जैसे गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं। 200 गज सरकारी जमीन कब्जाई पुलिस द्वारा एकत्रित की गई सूचनाओं एवं तथ्यों से यह सामने आया कि आरोपी ने गांव कासन खसरा नंबर 270, गुरुग्राम स्थित नगर निगम मानेसर, गुरुग्राम की लगभग 200 वर्ग गज सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके एक मकान बना रखा है। गुरुवार को को टाउन प्लानर अधिकारी, नगर निगम मानेसर संजय शर्मा, निरीक्षक सत्यवान, प्रभारी पुलिस थाना सेक्टर-07 IMT मानेसर, गुरुग्राम की पुलिस टीम एवं नगर निगम के अधिकारियों के संयुक्त सहयोग से उक्त अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। पुलिस द्वारा मौके पर पूरी तरह मुस्तैद रहकर यह कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न कराई गई। आरोपी संजय उर्फ संजू के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत, थाना सैक्टर-07 IMT मानेसर में दो मामले दर्ज हैं।