गुरुग्राम में पत्नी की गला घोंटकर हत्या:साले को फोन कर बोला- मैंने पिटाई कर दी, ले जा; चरित्र पर शक करता था

हरियाणा के गुरुग्राम में एक पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने साले को फोन करके कहा कि उसने पत्नी की पिटाई कर दी। उसे चोट आई है, ले जा। जब महिला के परिवार के लोग आए, तो उन्होंने उसका शव पड़ा हुआ मिला। महिला का पति फरार था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार का आरोप है कि पति महिला के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर वह अक्सर उससे मारपीट करता था। सेक्टर 37 थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. शादी के बाद 2 बच्चे हुए
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के खास भरा गांव की रहने वाली शीलू (30) के तौर पर हुई है। शीलू के भाई आलोक ने बताया कि शीलू की शादी 8 साल पहले कानपुर स्थित रानी घाट कॉलोनी के रहने वाले सन्नी दयाल के साथ हुई थी। शादी के बाद इन्हें दो बच्चे हुए। बड़ा बेटा 7 और छोटी बेटी 3 साल की है। 4 साल से गुरुग्राम में रह रहे
आलोक ने आगे बताया कि 4 साल से शीलू और सन्नी बच्चों के साथ गुरुग्राम के खांडसा स्थित एक किराए के मकान के रह रहे थे। शीलू और सन्नी दोनों मजदूरी करते थे। सन्नी, शीलू के चरित्र पर शक करता था। इसलिए दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। 12 घंटे बाद फोन कर सूचना दी
आलोक ने बताया कि 28 जनवरी की देर रात सन्नी ने शीलू की गला घोंटकर हत्या कर दी। सन्नी ने घटना के करीब 12 घंटे बाद 29 जनवरी की दोपहर 3 बजे फोन कर बताया कि उनके बीच मारपीट हो गई है, जिसमें शालू को चोट आई है।, आकर उसे ले जा। आलोक ने अपनी दूसरी बहन नीरज को इसकी जानकारी दी। बेड पर पड़ी थी डेडबॉडी
नीरज के पति रवि ने सेक्टर-37 स्थित कंपनी में काम कर रहे शीलू के दूसरे भाई कपिल को शीलू के कमरे पर भेजा। वहां पर बेड पर शीलू की डेडबॉडी पड़ी हुई थी। दोनों बच्चे घर पर ही थे, जबकि सन्नी गायब था। इसके बाद फोन कर पुलिस को सूचना दी। SHO बोले- आरोपी की तलाश कर रहे
सेक्टर-37 थाने के SHO मंजीत ने बताया कि 29 जनवरी की शाम को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। कल पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। महिला का पति फरार है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *